भाजपा के लिए लायबिलिटी बने डॉ हिमंत बिस्व सरमा: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बोरा

जोरहाट (असम), 31 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने आरोप लगाया है कि असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा भाजपा के लिए लायबिलिटी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के अनेक आरोपों से घिरे हिमंत बिस्व सरमा की सच्चाई जब राहुल गांधी ने खोल दी, तो हिमंत बौखला गए और कांग्रेस पर हमले करवाने लगे। भूपेन कुमार बोरा आज जोरहाट सदर थाने में पुलिस के सामने पेश होने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने पुलिस के सामने आज दिए गए अपने बयान के संदर्भ में बताते हुए कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा जब जोरहाट शहर में पहुंची तो एक भी पुलिस का आदमी सड़कों पर खड़ा नहीं था। कोई पुलिसकर्मी यह बताने वाला नहीं था कि किस सड़क से जाना है और किधर से नहीं। इसके जवाब में पुलिस की ओर से कहा गया कि पुलिस वाले सिविल ड्रेस में खड़े थे। भूपेन बोरा ने कहा कि उन्हें इस तरह की जानकारी नहीं दी गई थी कि पुलिस वाले सिविल ड्रेस में खड़े रहेंगे, जो रास्ता बताएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने आश्चर्य व्यक्त किया कि उनके ऊपर जिस व्यक्ति ने हमला करके उन्हें घायल कर दिया उसके खिलाफ अबतक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और उल्टे कांग्रेस नेताओं को परेशान कर रही है।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के क्रम में जोरहाट शहर में निर्धारित मार्ग को बदलने के आरोप में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा, उपाध्यक्ष राणा गोस्वामी समेत चार लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन लोगों पर गैर जमानती धाराएं भी लगाई गई हैं। थाना में पेश होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष ने अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए कहा था कि उन्हें यदि गिरफ्तार कर जोरहाट जेल भी भेजा गया तो इससे वह डरने वाले नहीं हैं, क्योंकि जोरहाट जेल में कुशल कोंवर जैसे स्वनामधन्य व्यक्ति रह चुके हैं। ज्ञात हो कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राणा गोस्वामी अस्वस्थ होने की वजह से आज पुलिस के सामने पेश नहीं हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार/ श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर