रायपुर : मुठभेड़ में बलिदान जवानों के परिजनों को मिलेगी 10-10 लाख की आर्थिक सहायता : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 1 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुकमा जिले के टेकलगुड़ेेम में बीते 30 जनवरी को नक्सल मुठभेड़ में बलिदान तीनों जवान के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णदेव साय ने आज गुरुवार को कोरिया जिले के बैकुण्ठपुर में आयोजित झुमका जल महोत्सव के अवसर पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह घोषणा की। यह आर्थिक सहायता राशि शहीद जवानों को राज्य और केन्द्र सरकार की ओर से मिलने वाली राशि से अतिरिक्त है।

उल्लेखनीय है कि 30 जनवरी को प्रदेश के सुकमा जिले के जगरगुण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम टेकलगुड़ेम में नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए तीन जवान बलिदान हो गए थे। जिसमें 201 कोबरा सीआरपीएफ बटालियन के आरक्षक देवेन सी. और आरक्षक पवन कुमार तथा 150वीं बटालियन के आरक्षक लम्बाधर सिंघा बलिदान को गए थे। इस घटना में 16 जवान घायल हो गए थे जिसमें से 8 जवानों को बेहतर उपचार के लिए राजधानी रायपुर लाया गया है। मुख्यमंत्री साय 30 जनवरी की शाम को ही अस्पताल पहंचकर घायल जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था।

हिन्दुस्थान समाचार/ गेवेन्द्र

   

सम्बंधित खबर