जिले में सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन कराना मेरी जिम्मेदारीः सिंधिया

- केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने मुंगावली में हितग्राही सम्मेलन को किया संबोधित

अशेाक नगर, 5 फरवरी (हि.स.)। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजना का पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाकर शत प्रतिशत सेचुरेशन कराना मेरी जिम्मेदारी है। कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा। यह बात केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को मुंगावली पुरानी गल्ला मंडी में हितग्राही सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए कही।

सिंधिया ने कहा कि आज मेरा मन खुशी से भरा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जो 10 साल का सफर तय किया है, वह विकास की नई उच्चाइयां छू रहा है। प्रधानमंत्री का जीवन सघर्ष पूर्ण रहा है, लेकिन उन्होंने अपने देश की जनता के जीवन को खुशहाल बनाने के लिये संकल्प लिया है। उन्होंने भारत देश को विकासशील देश से विकसित देश के रूप में सशक्त, सुदृढ़ एवं स्वालम्बी बनाने का संकल्प लिया है। विकसित देश का संकल्प तभी साकार होगा जब देश का प्रत्येक नागरिक आत्मनिर्भर होगा।

उन्होंने कहा कि देश की जितनी तरक्की पिछले 65 वर्षों में हुई, उससे अधिक तरक्की प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में देश ने की है। जो आवास 65 वर्ष में तीन करोड़ बन पाये थे, वह प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में चार करोड़ बने चुके हैं एवं अगले 5 वर्षो में और तीन करोड आवास बनाने का नया क्रितिमान स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 01 जनवरी से जितने भी आवास बनेंगे, उनका मलिकाना हक घर की महिलाओं को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 80 करोड लोगों तक घर-घर राशन पहुचाया जा रहा है। देश में आज करोड़ों महिलाएं आजीविका के माध्यम से अपना रोजगार चला रही जितनी विश्व में कई देशों की आबादी नहीं है, उतने भारत देश में उज्जवला योजना के माध्यम से मुफ्त में गैस प्रदान किये जा चुके हैं। पैसों के अभाव में जो गरीब व्यक्ति कभी अपना इलाज नही करा पाता था, वह आज प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से आयुष्मान कार्ड द्वारा देश के बडे-बडे अस्पतालों में आसानी से इलाज करा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज सम्पूर्ण भारत में सड़कों का जाल बिछाया जा चुका है।

कार्यक्रम की शुरुआत शासकीय योजना से लाभान्वित हितग्राही सपना देवी एवं अर्चना बंजारा द्वारा मेरी कहानी मेरी जुबानी के साथ हुई। उन्होंने बताया कि आजीविका मिशन एवं स्व सहायता समूह के माध्यम से उन्होंने रोजगार मिला है। साथ ही उनके माध्यम से अनेक महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया द्वारा हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया।

कार्यक्रम में विधायकगण जगन्नाथ सिंह रघुवंशी व बृजेन्द्र सिंह यादव, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी, भाजपा जिला अध्यक्ष आलोक तिवारी, कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, वनमण्डाधिकारी प्रियांशी सिंह, जिला पंचायत सीईओ डॉ. नेहा जैन सहित जनप्रतिनिधिगण,अधिकारीगण एवं हितग्राहीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं पर आधारित स्टॉल लगाये गये। आमजन को शासकीय योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों के आवदेन प्राप्त किये गये।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर