नारी शक्ति मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प को साकार करेगी : पुष्पराज सिंह

जौनपुर, 06 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को नारी शक्ति वंदन अभियान को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस मौके पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि नारी शक्ति मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प को साकार करेगी।

इस कार्यशाला में नारी शक्ति को पार्टी से जोड़ने के लिए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। नारी शक्ति वंदन अभियान में स्वयं सहायता समूह और एनजीओ से संपर्क पर जोर दिया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संपर्क व सम्मान के लिए जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

कार्यशाला मे संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि मातृ शक्ति का आशीर्वाद हमेशा से भाजपा को मिलता रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी नारी शक्ति वैश्विक नेता नरेंद्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाने के संकल्प को साकार करेंगी।

उन्होंने बताया कि शक्ति वंदन अभियान के तहत पांचों विधान सभा क्षेत्रों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस क्रम में नारी शक्ति संवाद के तहत एनजीओ की महिलाओं के साथ चाय पर चर्चा की जाएगी। सभी विधान सभा क्षेत्रों में शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें एनजीओ व स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं का सम्मान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिले के समस्त मंडल में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से व्यक्तिगत संपर्क कर पत्रक वितरण किया जाएगा। एनजीओ व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से एलईडी टीवी के जरिए 22 फरवरी को प्रधानमंत्री सीधा संवाद करेंगे। एनजीओ प्रमुखों का सम्मेलन भी किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है। टोली बनाकर गांव व शहर में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। संचालन जिला महामंत्री सुनील तिवारी ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/राजेश

   

सम्बंधित खबर