पहले घोटाले की खबरें आती थीं, अब गिरफ्तारियों की: भवेश कलिता

गुवाहाटी, 07 फरवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता ने कहा है कि अच्छे दिन आ गए हैं, इसका प्रमाण इसी से मिलता है कि कल तक सुबह अखबार खोलते ही बड़े-बड़े घोटाले की खबरें मिलती थी और आज भ्रष्टाचार करते हुए गिरफ्तार होने की खबरें आ रही हैं। भाजपा अध्यक्ष कलिता आज असम विधानसभा के चालू बजट अधिवेशन के तीसरे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर भाजपा विधायक रूपक शर्मा द्वारा लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव के समर्थन में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि आज विज्ञान और प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए शासन और प्रशासन में पारदर्शिता लाई गई है। डायरेक्ट बेनिफिशियरी ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए लोगों के खातों में सीधे रुपए पहुंच रहे हैं। असम में एक लाख लोगों को सरकारी नौकरियां दी गई। जिसमें घर बैठे अप्लाई करने से लेकर एडमिट कार्ड और परीक्षाफल तक की व्यवस्था की गई। यही सुशासन है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सुशासन के चार स्तंभ- युवा, महिला, कृषक तथा गरीब हैं। इन्हीं स्तंभों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा पूरी संजीदगी के साथ काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने घर-घर पेयजल पहुंचाने के लिए स्वजलधारा योजना की शुरुआत की थी। जबकि, प्रधानमंत्री मोदी जल जीवन मिशन के जरिए हर घर में पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को इस सरकार के समय में उचित सम्मान दिया गया है। इस अमृत काल में कृषकों की आमदनी को दोगुनी करने की व्यवस्था की गई। कृषक सम्मान निधि के जरिए उन्हें दो हजार करके चार बार में आठ हजार रुपए देने की व्यवस्था की गई। राज्य के 43 लाख गरीब लोगों को और राशन कार्ड दिए गए हैं, जिसमें कहीं से कोई धंधाली नहीं हुई है। प्रकृत लाभार्थी को ही राशन कार्ड दिया गया है।

अपने संबोधन में भाजपा अध्यक्ष ने भारतमाला, सागरमाला आदि जैसी योजनाओं की चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज बड़ी-बड़ी सड़कें और बड़े-बड़े पुल बना रहे हैं। यही अच्छे दिन आने की निशानी है। 2016 से पहले राज्य में अनेक लकड़ी के पुल, कमजोर पुलों की भरमार थी, लेकिन आज उनका पक्कीकरण कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक समय था, जब हर योजना के लिए असम के लोगों को खून बहाने, धरना-प्रदर्शन आदि करने की जरूरत होती थी। लेकिन, आज असम में एम्स से लेकर वंदे भारत ट्रेन तक की व्यवस्था की गई है। अनेक बड़ी योजनाएं लागू की गई है। केंद्रीय मंत्री हर दो दिन पर यहां आकर उद्घाटन और शिलान्यास करते हैं। 39 लाख महिलाओं के खाते में हर महीने की 10 तारीख को 1250 रुपए भेजने की व्यवस्था की गई है। कोविड के समय में महिलाओं द्वारा लिए गए लघु ऋण को सरकार ने चुका दिया। हर विभाग में आज फंड उपलब्ध है। हर जिले में कैबिनेट की बैठकें हुआ करती हैं।

उन्होंने कहा कि आज असम का हर बच्चा, वृद्ध, वनिता आदि कहेंगे कि विकास हुआ है। यही है सुशासन। इंक्लूसिव डेवलपमेंट के जरिए सभी को समान रूप से अवसर मिल रहे हैं। आज राज्य में 13 मेडिकल कॉलेज बन गए हैं। हर साल 15 सौ छात्र एमबीबीएस की पढ़ाई कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की योजना है कि हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाएंगे।

कलिता ने कहा कि आज प्रधानमंत्री आकर 11,600 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि निंदा करने वाले इसे बेनिफिशियरी बनाने की बात कहते रहें, लेकिन जनता को लाभ पहुंचाना ही सरकार का कार्य है। यही वजह है कि लोग भाजपा की सरकार से खुश होकर इसे अपना आशीर्वाद दे रहे हैं। उन्होंने कहा की इतनी योजनाएं, इतने कार्य हुए हैं कि उनका बखान करते हुए काफी समय लग जाएंगे। लेकिन, विधानसभा में समय के सीमा की अपनी मर्यादा है। अंत में उन्होंने अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रामलला की की गई प्राण प्रतिष्ठा को देश के लिए गौरव की बात बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम सबके लिए आदर्श हैं। वर्षों का सपना प्रधानमंत्री ने पूरा किया। भगवान राम ऐसे हैं, जिन्होंने अपनी पत्नी को वन में भेजा, अपनी पत्नी की अग्नि परीक्षा ली। भाजपा अध्यक्ष ने इस दौरान रामराज्य की चर्चा करते हुए जय श्रीराम के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर