श्री सिद्धेश्वर शिव महापुराण कथा में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय

- कथा प्रवक्ता ब्रजनंदन महराज से लिया आशीर्वाद

- प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए कामना की

रायपुर, 9 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम झलियापुर में आयोजित सिद्धेश्वर शिव महापुराण कथा में शामिल हुए। उन्होंने 11 कुंडीय रूद्र महायज्ञ शाला का परिक्रमा कर व्यासपीठ पर विराजमान कथा प्रवक्ता ब्रजनंदन जी महाराज का शाल व श्रीफल भेंटकर अभिनंदन किया और उनसे प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए आशीर्वाद लिया। मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री साय का गजमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कथा सुनने पहुंचे श्रद्धालुओं से कहा कि भगवान शिव देवों के देव महादेव भोले और अभयदानी है, वे सच्ची भाव भक्ति में दुश्मनों को भी वरदान दे देते हैं। उन्होंने कहा कि कहीं भी कथा होने से न केवल उस क्षेत्र को, बल्कि दूर-दूर तक इसका पुण्य लाभ मिलता है। इस महायज्ञ का फायदा यहां के लोगों के साथ ही हमारी सरकार को भी मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि हमारे वेद में यज्ञ का बहुत बड़ा प्रभाव और महत्व बताया गया है। यह व्यक्ति के जीवन में खुशहाली तरक्की लाने का बहुत बड़ा माध्यम है। ग्राम झलियापुर में 11 कुंडीय यज्ञ निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ की खुशहाली और तरक्की के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने आयोजन समिति को धन्यवाद दिया। खाद्यमंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि यहां हर साल भव्य यज्ञ का आयोजन किया जाता है। 22 जनवरी को अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा हुई। इसके उपलक्ष्य में जगह-जगह कार्यकम आयोजित किए जा रहे है। इससे अब लग रहा है कि निश्चित रूप से राम राज्य स्थापित हो रहा है। मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि रूद्र भगवान की कृपा सब पर बनी रहे। उन्होंने समाज में आपसी प्रेम, शांति, भाईचारा, मानवता, समानता आदि की कामना की। इस अवसर पर पूर्व सांसद लखनलाल साहू, आयोजक श्रीमती लक्ष्मी देवी-रामशरण सिंह, सरपंच परमानंद सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/गायत्री प्रसाद

   

सम्बंधित खबर