प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत प्रगति के स्वर्णिम पायदान पर : गणेश केसरवानी

--प्रधानमंत्री के कार्यकाल में देश-प्रदेश में हुआ चहुमुखी विकास : अभिलाषा गुप्ता

--बिना भेदभाव जन कल्याणकारी योजना का लाभ मिले, यही मोदीजी की गारंटी : राजेन्द्र मिश्र

प्रयागराज, 11 फरवरी (हि.स.)। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने व कल्याणकारी योजना से लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प यात्रा शुरू की गई है। इन्ही उद्देश्यों को पूरा करने के लिए आज प्रथम सत्र में कल्लू कचौड़ी चौराहा मुट्ठीगंज तथा द्वितीय सत्र में नेतराम चौराहा कटरा में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा‘ चलाई गयी। अतिथियों ने लोगों को विकसित भारत से सम्बंधित शपथ भी दिलायी।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सीबीसी द्वारा नगर निगम के सहयोग से चलाये जा रहे कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत प्रगति के स्वर्णिम पायदान पर पहुंच रहा है। भारत निरंतर सशक्त हो रहा है और अन्त्योदय के संकल्प को पूरा कर रहा है। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में लोगों को बताया।

पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने राज्य सरकार और केन्द्र सरकार के प्रति बेहतरीन योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए धन्यवाद देते हुए लोगों से कहा कि यहां लगाये गये कैम्पों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजना, आवास योजना आदि का रजिस्ट्रेशन कराकर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के कार्यकाल में देश और प्रदेश में चंहुमुखी विकास हुआ है। महानगर अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्र ने मोदी की गारंटी वैन की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक लाभार्थी को बिना भेदभाव जन कल्याणकारी योजना का लाभ मिले, यही मोदीजी की गारंटी है।

नोडल अधिकारी राम मूरत ने बताया कि योजनाओं के लाभार्थियों ने मेरी कहानी मेरी जुबानी के तहत अपना अनुभव साझा किया और सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने पंजीकरण कराकर लाभ लिया। उपस्थित लोगों को विकसित भारत से संबंधित 2024 का कैलेण्डर, बुकलेट, फ्लायर आदि उपलब्ध कराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर