प्रमंडलीय महिला महासम्मेलन में सखी मंडल की दीदियां सम्मानित

पलामू, 12 फ़रवरी (हि.स.)। सखी मंडल की महिलाओं का प्रमंडलीय एक्सपोजर और क्षमता संवर्धन शिविर-सह-महिला महासम्मेलन का आयोजन सोमवार को शिवाजी मैदान में किया गया, जिसमें सखी मंडल से जुड़ी करीब दस हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, मंत्री सत्यानंद भोक्ता एवं मंत्री आलमगीर आलम सहित राज्यस्तरीय अन्य वरीय पदाधिकारी रांची में आयोजित राज्यस्तरीय महिला महासम्मेलन से ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर महिलाओं को संबोधित किया। साथ ही प्रमंडल स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारियों ने सखी मंडल की महिलाओं की आर्थिक समृद्धि, उत्थान, उनके बदलाव एवं राज्य के विकास में महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।

लातेहार विधायक वैद्यनाथ राम ने कहा कि देश की आधी आबादी आगे आ रहीं हैं। सखी में से जुड़कर महिलाएं सबल बन रही हैं। पांकी विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने सखी मंडल की दीदियों के संवर्धन, आर्थिक मजबूती के लिए पांकी विधानसभा क्षेत्र में क्लस्टर स्तर पर हॉल बनाने की घोषणा की, ताकि दीदियों को बैठक करने में सहुलियत हो। साथ ही पांकी विधानसभा क्षेत्र के समूह की करीब पांच हजार से अधिक दीदियों को बैठने हेतु दरी एवं बक्शा उपलब्ध कराने की बातें कही।

उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि प्रमंडल में चार लाख 50 हजार से ज्यादा महिलाएं जुड़ चुकी हैं। प्रमंडल में 40441 सखी मंडलों का गठन हुआ है। 39087 सखी मंगल को चक्रीय निधि की राशि एवं 38855 सखी मंडल को सामुदायिक निवेश की राशि दी जा चुकी है। साथ में बैंक क्रेडिट सपोर्ट 36179 सखी मंडलों को दिया जा चुका है। कृषि और गैर कृषि आजीविका गतिविधि से 23473 से ज्यादा लखपति दीदी बनकर अपने घर रोशन कर रही हैं।

राज्य कार्यक्रम प्रबंधक (नन फॉर्म) नीतीश कुमार सिन्हा ने कहा कि जेएसएलपीएस के प्रयास से गांवों की तस्वीर बदल रही है। लातेहार की माया देवी ने अपने जीवन में आए बदलाव की कहानी व्यक्त की। इसी तरह पलामू की अंशु कुमारी और गढ़वा की दीप शिखा देवी ने भी बदलाव की कहानी व्यक्त की।

कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ सखी मंडल के रूप में सीमा सखी मंडल चैनपुर एवं साकेत सखी मंडल भंडरिया, सर्वश्रेष्ठ ग्राम संगठन के रूप में हरियाली ग्राम संगठन सतबरवा एवं पताशा ग्राम संगठन गढ़वा, वहीं सर्वश्रेष्ठ संकुल संगठन के रूप में धावाड़ीह संकुल संगठन सतबरवा एवं कल्याणपुर संकुल संगठन, गढ़वा को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से लाभुकों को डमी चेक प्रदान किया गया। चक्रीय/सामुदायिक निधि से लातेहार के सुनीता देवी, पलामू की लालती देवी और गढ़वा की पूनम देवी को लाभान्वित किया गया। पलामू की रिंकी देवी लातेहार की मीना देवी और गढ़वा की शबाना खातून को बैंक लिंकेज से जोड़ा गया। वहीं फूलों झानो आशीर्वाद अभियान के तहत नीलांबर-पीतांबरपुर (लेस्लीगंज) की किरण देवी एवं बबली कुमारी को लाभान्वित किया गया।

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत छतरपुर की पुष्पा कुमारी, बेबी कुमारी, नेहा कुमारी एवं शोभा कुमारी और चैनपुर की मधु कुमारी को नियुक्ति पत्र दिया गया। बेहतर कार्य करने वाली दीदियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर