पांच विभूतियों को मिलेगा कन्हैया लाल स्मृति सम्मान 2024

प्रयागराज, 12 फरवरी (हि.स.)। कन्हैयालाल स्मृति साहित्य सम्मान 2024 की घोषणा निर्णायक मंडल ने कर दी है। हिन्दुस्तानी एकेडेमी में 24 फरवरी को आयोजित होने कार्यक्रम में पांच विभूतियों को सम्मानित किया जायेगा।

यह जानकारी शहर समता विचार मंच की साहित्यिक संयोजक रचना सक्सेना ने देते हुए बताया कि काव्य क्षेत्र में प्रो. (डॉ.) मिथिलेश कुमार त्रिपाठी स्नातकोत्तर महाविद्यालय पट्टी प्रतापगढ़ को उनके महाकाव्य ‘अर्धांगिनी’ पर दिया जाएगा। जबकि कहानी के क्षेत्र में डॉ.कल्पना वर्मा अवकाश प्राप्त विभागाध्यक्ष (हिन्दी) आर्य कन्या डिग्री कॉलेज, प्रयागराज को ‘छोटे शहर की लड़की’ कहानी संग्रह पर तथा उपन्यास के क्षेत्र में अमेरिका में जीनोम साइंटिस्ट रही डॉ. शिवानी चंद्रा को ‘मिडल रोड’ उपन्यास पर दिया जाएगा। नाटक के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ रंगकर्मी आलोक नायर को ‘मैं सुभाष’ नाटक के लिए दिया जाएगा। जबकि आलोचना के क्षेत्र में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ख्यातिलब्ध विद्वान, आलोचक डॉ. राजेश कुमार गर्ग को ‘हिन्दी जाति और रामविलास शर्मा’ शीर्षक आलोचनात्मक कृति पर प्रदान किया जाएगा।

डॉ भगवान प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि यह सम्मान राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के लब्ध प्रतिष्ठ विद्वानों, अपने क्षेत्र के विभूतियों, साहित्य साधकों और विद्वत जनों को प्रदान किया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/मोहित

   

सम्बंधित खबर