भाजपा प्रदेश मुख्यालय कूच करते युवा कांग्रेसी हिरासत में लिए गए

देहरादून, 17 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस के बैंक अकांउट फ्रीज करने के विरोध में शनिवार को एनएसयूआई ने प्रदेश भाजपा कार्यालय को कूच किया। जिन्हें पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष प्रकाश नेगी के साथ ही एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को चोटें भी आयी हैं। बाद में डालनवाला कोतवाली लाकर छोड़ दिया गया। इस दौरान डालनवाला कोतवाली में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष प्रकाश नेगी के नेतृत्व में आज एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के बैंक अकांउट फ्रीज करने के विरोध में भाजपा प्रदेश कार्यालय कूच किया। पुलिस ने बैरीकेडिंग कर फाउण्टेन चौक पर रोक दिया। इस पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने वहीं पर सरकार का पुतला जलाने का प्रयास किया। इसको लेकर उनकी पुलिस बल के साथ झड़प भी हुई। इसमें जिलाध्यक्ष नेगी सहित अन्य कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं।

जिलाध्यक्ष नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा चुनाव के ठीक पूर्व भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं भारतीय यूथ कांग्रेस के बैंक अकाउंट फ्रीज करना निंदनीय है। यह लोकतंत्र की हत्या करना जैसा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पूर्णत: आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए डरी हुई है। हमारी मांग यही है की फ्रीज किए गए बैंक अकाउंट्स को जल्द से जल्द सुचारू रूप से पुन: संचालित किया जाए।

इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रकाश नेगी, पूर्व महानगर महासचिव हरजोत सिंह, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष सक्षम यादव व प्रांजल ने गिरफ्तारी दी। इसके बाद उन्हें डालनवाला कोतवाली लाया गया। जहां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, हीरा सिंह बिष्ट, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, अनिल नेगी, महिला कांग्रेस से नजमा खान, आशा मनोरमा डोबरियाल एवं निधि नेगी चोटिल युवाओं का हाल पूछने डालनवाला कोतवाली पहुंचे जहां एनएसयूआई युवाओं को औपचारिकताओं के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा रिहा कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती/रामानुज

   

सम्बंधित खबर