पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नगरोटा में वार्षिक खेल दिवस का आयोजन

जम्मू। स्टेट समाचार
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नगरोटा में शनिवार को वार्षिक खेल दिवस का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का विषय रहा -  ‘तेज़, उच्चतर, मजबूत-एक साथ।’ कार्यक्रम में सभी कक्षाओं के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन विशिष्ट अतिथि प्राचार्य महोदय की पत्नी सुनीता दहिया और प्राचार्य रामकृष्ण  दहिया के करकमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और गणमान्य व्यक्तियों को एनसीसी कैडेटों, प्रीफेक्टोरियल काउंसिल और स्कूल के स्काउट्स और गाइड्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त करने के साथ हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलित किया गया और केंद्रीय विद्यालय का ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम के प्रभारी और शारीरिक शिक्षक अमरीक सिंह ने प्रतिष्ठित अतिथियों हेतु स्वागत सम्भाषण प्रस्तुत  किया। इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। बहुत सी खेल प्रतियोगिताओं जैसे- बोरी दौड़, मेंढक दौड़, थैला बांध दौड़, ज़ुम्बा नृत्य, कलात्मक योग प्रदर्शन और अन्य दौड़ का आयोजन किया गया, जिनमें छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावकों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी भाग लिया। शिक्षकों और अभिभावकों दोनों के लिए 100 मीटर दौड़ सहित ट्रैक इवेंट आयोजित किए गए। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि सुनीता दहिया और प्राचार्य द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम की मेजबानी रितेश मिश्रा और राजेश्वरी ने बड़ी ही खूबसूरती से की। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन पी.के. जॉली( पीजीटी भौतिकी) द्वारा प्रस्तुत किया गया।

   

सम्बंधित खबर