विश्व भर में भारत को महान बनाती है भारतीय संस्कृति और सनातन धर्मः निर्मल दास

हरिद्वार, 18 फ़रवरी (हि.स.)। मां गौ गंगा धाम सेवा के अध्यक्ष महंत निर्मल दास महाराज ने कहा कि सनातन धर्म अनादि काल से विश्व का मार्ग प्रशस्त करता आ रहा है। संत महापुरुष भारतीय संस्कृति की रीढ़ है। संताें के आशीर्वाद से भारत जल्द ही विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर होगा। श्रवणनाथ नगर स्थित श्री बाबा तारकेश्वर धाम में गुप्त नवरात्र संपन्न होने पर इक्यावन कन्याओं का पूजन कर संतों ने आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान धार्मिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत निर्मल दास महाराज ने कहा कि सनातन धर्म एवं भारतीय परंपरा विश्व भर में भारत को महान बनाते हैं। तारकेश्वर धाम आश्रम के माध्यम से भारत सहित विश्व भर में सनातन प्रेमियों को धर्म एवं संस्कृति का संदेश प्रदान करना एवं गौ, गंगा सेवा सहित अनेक सेवा प्रकल्पाें के द्वारा समाज को लाभान्वित करना ही उनका उद्देश्य है। महंत जमुना दास महाराज ने कहा कि संतों का जीवन त्याग एवं परोपकार के लिए समर्पित रहता है। युवा संतों के योगदान से भारतीय संस्कृति पुष्पित और पल्लवित हो रही है। समाज के लिए यह गौरव का विषय है। महंत निर्मल दास महाराज तपस्वी एवं ऊर्जावान संत है जो धर्म के संरक्षण संवर्धन में अपनी सहभागिता को सुनिश्चित कर राष्ट्र निर्माण में अतुल्य योगदान प्रदान कर रहे हैं। महंत श्रवण मुनि महाराज ने कहा कि सनातन धर्म को सर्वोच्च शिखर पर लाने का यह सबसे उपयुक्त समय है। सभी धर्माचार्य को एक मंच पर आकर भारत को विश्व गुरु बनाने की ओर अग्रसर करना चाहिए।

इस अवसर पर महंत हरिहरानंद, महंत अनंतानंद, महामंडलेश्वर स्वामी प्रकाश मुनि, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी दिनेश दास, महंत शिवानंद, स्वामी कपिल मुनि, महंत लोकेश दास सहित कई संत महंत मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर