केंद्रीय गृहमंत्री शाह 22 को क्लस्टर स्तरीय बैठक में होंगे शामिल : किरण देव

किरण देव

जगदलपुर, 21 फरवरी(हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 फरवरी को कोंडागांव जिला पहुंच रहे हैं। अमित शाह के दौरे को देखते हुए भाजपा ने सारी तैयारी पूरी कर ली है। बताया जा रहा है कि गृहमंत्री अमित शाह लोकसभा चुनाव को देखते हुए कोंडागांव में क्लस्टर स्तरीय बैठक में शामिल होने पहुंच रहे हैं। इस क्लस्टर बैठक में बस्तर लोकसभा सीट के साथ ही कांकेर और महासमुंद लोकसभा क्षेत्र को शामिल किया गया है। अपने तय कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह 22 फरवरी को सुबह 11 बजे कोंडागांव पहुंचेंगे। लोकसभा चुनाव अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में होने की संभावना है, ऐसे में मार्च के पहले ही सप्ताह में भाजपा अपने लोकसभा प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर सकती है। इससे पहले भाजपा ने छत्तीसगढ़ के बड़े नेताओं से रायशुमारी के लिए कलस्टर स्तरीय बैठक बुलाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरे के दौरान अमित शाह ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित कलस्टर की बैठक में शामिल होंगे और इस बैठक के बाद जांजगीर के लिए रवाना हो जाएंगे, वहां भी उसी दिन कलस्टर बैठक बुलाई गई है। जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ ही गृहमंत्री विजय शर्मा और भाजपा के तमात बड़े नेता भी उपस्थित रहेंगे।

जगदलपुर के विधायक और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बताया कि कोंडागांव में क्लस्टर स्तरीय बैठक की तैयारी में जुट गए हैं। उन्होने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा ली जाने वाली बैठक में तीनों लोकसभा क्षेत्र से लगभग 300 से ज्यादा नेता शामिल होंगे। अमित शाह 22 फरवरी को सुबह 11 बजे कोंडागांव पहुंचेंगे और यह बैठक करीब 03 घंटे तक चलेगी। जिसके बाद गृहमंत्री अमित शाह जांजगीर में भी आयोजित क्लस्टर बैठक में शामिल होने के लिए रवाना होंगे।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा काफी अहम माना जा रहा है। वर्तमान में बस्तर और कोरबा लोकसभा सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। इसे कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, लेकिन छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में आए नतीजों से पार्टी आलाकमान में उत्साह है। ऐसे में प्रदेश के सभी 11 लोकसभा सीटों पर चुनाव जीतने के लिए अमित शाह का पूरा फोकस छत्तीसगढ़ पर है। खासकर वर्तमान में जिन सीटों में कांग्रेस का कब्जा है, वहां आने वाले चुनाव में भाजपा की जीत का परचम लहराने के लिए क्लस्टर की बैठक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार, राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर