अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर के साथ 2 करोड़ का गांजा जब्त

गोपालगंज, 22 फ़रवरी (हि.स.)। उत्पाद पुलिस ने सूखे नशे के तस्करों पर लगाम लगाना शुरु कर दिया है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने यूपी-बिहार के बलथरी चेक पोस्ट पर एक कंटेनर से करीब 286 किलो गांजा जब्त किया है। इसके साथ ही पुलिस ने पंजाब के लुधियाना के रहने वाले दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। साथ ही तस्करों से उत्पाद विभाग की टीम पूछताछ कर रही है इतनी बड़ी खेप बरामद होने के बाद उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार झा खुद मौके पर पहुंचे और सभी तथ्यों की जांच की।

उन्होंने बताया कि चालक और उपचालक को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता कर रही है कि इतनी बड़ी खेप किस जिले में पहुंचाई जा रही थी और इसके पीछे कौन लोग है। गांजा सप्लायर का भी पता लगाने में हमारी टीम लगी हुई है और जल्द ही इस मामले में सफलता मिलेगी।

उत्पाद विभाग के मुताबिक, कंटेनर में गुप्त तहखाना बनाकर यूपी के गोरखपुर से 2 क्विंटल 86 किलो गांजा लोड किया गया था इसे बिहार के मोतिहारी में सप्लाई किया जाना था। इसी दौरान उत्पाद विभाग की टीम कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी चेक पोस्ट के पास वाहनों की सघन जांच कर रही थी। हैंड स्कैनर मशीन से ट्रकों की जांच के दौरान गांजा लदा कंटेनर पकड़ा गया।

जब्त गांजा की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है तस्करों की पहचान पंजाब के लुधियाना जिला के साहनेवाल गोविंदगढ़ के रहने वाले मलविंदर सिंह और शिमलापुरी के रहने वाले गुरुनाम सिंह के रूप में की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अखिला/चंदा

   

सम्बंधित खबर