भाजपा पर जमकर बरसीं अलका लांबा, केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

देहरादून, 22 फरवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा की ही तरह लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भी कई नेता उत्तराखंड का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में अलका लांबा ने गुरुवार को देहरादून में डबल इंजन की भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए और सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार महिलाओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। हल्द्वानी हिंसा का जिक्र करते हुए भी उन्होंने राज्य सरकार को लॉ ऑर्डर के मामले में फेल बताया।

कांग्रेस महिला की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा एक दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंची हैं। कांग्रेस मुख्यालय में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। अलका लांबा ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उत्तराखंड का उनका यह पहला दौरा है, जहां आज नारी न्याय सम्मेलन सहित संगठन को मजबूत करने और संगठन में बड़े बदलाव को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा। साथ ही राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जो पांच बिंदु हैं, उस पर बात की जाएगी।

भाजपा सरकार में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार-

अलका लांबा ने कहा कि भाजपा सरकार में बढ़ रहे महिला अपराधों पर भी विचार विमर्श किया जाएगा। आज जिस तरह से महिलाओं पर अपराध हो रहे हैं चाहे मणिपुर की घटना हो चाहे गुजरात कि हो या फिर हरियाणा की साक्षी मलिक हों या फिर उत्तराखंड की अंकित भंडारी का मामला हो, आज किस तरह से महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। महिला कांग्रेस इन तमाम मुद्दों को लेकर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देशभर में हर महिलाओं तक पहुंचाएगें। आज जो महिलाएं न्याय के लिए दर-दर भटक रहीं है, उनको साथ लेकर चलेंगे।

केंद्र सरकार महिलाओं के प्रति संवेदनशील नहीं-

लांबा ने उत्तराखंड में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को लेकर राज्य सरकार को खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान देने के लिए कांग्रेस निरंतर प्रयास कर रही है। हमारी कोशिश है कि उत्तराखंड के साथ देश की तमाम महिलाओं को उनका सम्मान दिया जाए। इसको लेकर के लांबा ने केंद्र सरकार की तमाम नीतियों पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए।

बढ़ते महिला अपराधों पर चुप नहीं बैठेगी कांग्रेस-

लांबा ने कहा कि कांग्रेस बढ़ते महिला अपराधों पर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि दो साल 2019-21 में 10 लाख बेटियां लापता हुई हैं। हिमालयी राज्यों में महिला अपराधों में उत्तराखंड पहले स्थान पर है, जो कि उत्तराखंड की छवि पर हमला है क्योंकि यहां पर महिलाओं की पूजा की जाती है।

युवाओं को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा-

उन्होंने कहा हर वर्ष दो करोड़ नौकरी देने का वादा करने वाली सरकार के राज में चार करोड़ युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने अग्निपथ योजना को ठेके के चार वर्ष की नौकरी बताते हुए कहा कि अग्निपथ योजना चौतरफा विरोध हो रहा है, लेकिन सरकार चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस योजना को लाकर पेंशन और अन्य सुविधाएं छीन ली हैं। उन्होंने इस योजना को युवाओं के साथ छल बताया है। उन्होंने कहा आज श्रमिक और मजदूरों के भी हालात बुरे हैं। उन्हें न्यूनतम वेतन भी नहीं मिल पा रहा है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम करेगी महिला कांग्रेस-

लांबा ने कहा कि महिला कांग्रेस की ओर से महिलाओं के सशक्तिकरण पर काम किया जा रहा है।नारी न्याय के तहत महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सुदृढ़ बनाने का महिला कांग्रेस काम करेगी। आज जो महिलाएं न्याय के लिए दर-दर भटक रही हैं, उन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। उन्हें स्वरोजगार की दिशा में प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्हें निशुल्क मशीन उपलब्ध कराई जाएंगी। एक दान देश की बेटियों के नाम के तहत उन्हें यह सब सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। महिला कांग्रेस पीड़ित महिलाओं की कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/रामानुज

   

सम्बंधित खबर