अब तक स्मार्ट सिटी के 16 प्रोजेक्ट पूर्ण, शेष कार्य के लिए डेडलाइन तय

देहरादून, 14 मार्च (हि.स.)। शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि राजधानी में स्मार्ट सिटी का कार्य तेजी से चल रहा है। अभी तक 16 प्रोजेक्ट पूर्ण हो चुके हैं। स्मार्ट रोड, सीवरेज और ड्रेनेज कार्य को जून 2024 तक पूरा करने को निर्देशित किया गया है।

मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल गुरुवार को विधानसभा परिसर के सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ स्मार्ट सिटी परियोजना के संबंध में समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस दौरान मंत्री ने 10 वार्डों के अन्तर्गत चल रहे स्मार्ट सिटी के कार्यों से संतुष्टि जतायी। उन्होंने बताया कि 16 प्रोजेक्ट पूर्ण कर लिए गए हैं, जिनमें सात स्मार्ट शौचालय, तीन स्मार्ट स्कूल, क्रैश बिल्डिंग, माॅर्डन दून लाइब्रेरी का कार्य पूर्ण हो चुका है। 30 इलेक्ट्राॅनिक बसें भी संचाचित हो रही हैं। 24 स्मार्ट वाटर एटीएम, एक नेशनल फ्लैग दिलाराम चौक पर स्थापित किया गया है। 120 स्मार्ट वेस्ट वाहन नगर निगम और जल संस्थान को हस्तान्तरित किये जा चुके हैं।

मंत्री ने स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े हुए अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से ससमय पूर्ण कर लिया जाय। स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत बनने वाली ग्रीन बिल्डिंग के कार्य में मानकों की स्वीकृति समय पर न मिलने के कारण विलम्ब हुआ है, जिसे पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। मंत्री ने अधिकारियों से स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यस्थलों का समय-समय पर अधिकारियों की ओर से निरीक्षण करने को कहा। आगामी कुछ समय में पर्यटन की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण चारधाम यात्रा प्रारंभ होने वाली है। जिसको ध्यान में रखते हुए स्मार्ट सिटी के लम्बित कार्यों को तय समय-सीमा के अन्तर्गत पूर्ण कर लिया जाए।

परेड ग्राउण्ड और पलटन बाजार में कार्य पूर्ण

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि परेड ग्राउण्ड और पलटन बाजार में स्मार्ट सिटी के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। स्मार्ट वाटर मीटर लगाने का कार्य भी लगभग पूर्ण कर लिया गया है। स्मार्ट रोड, सीवरेज तथा ड्रेनेज का कार्य तेजी से चल रहा है और जून 2024 तक इन कार्यों को पूर्ण करने के लिए कार्यदायी संस्थाओं व संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। बैठक में सीईओ, स्मार्ट सिटी परियोजना/जिलाधिकारी, देहरादून सोनिका और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/सुनील

   

सम्बंधित खबर