गाय को राष्ट्र माता घोषित करे सरकार : अविमुक्तेश्वरानंद

मथुरा, 14 मार्च(हि.स.)। गिरिराज पूजन व गिरिराज सप्तकोसीय परिक्रमा के साथ ज्योतिषपीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गुरुवार गौ संरक्षण पद यात्रा का शुभारंभ गोवर्धन से करते हुए कहा सरकार को गाय को राष्ट्र माता घोषित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा 15 दिवसीय दिल्ली तक की पद यात्रा करने से पहले गाय को राष्ट्र माता घोषित कराने और गौ संरक्षण की प्रार्थना गिरिराज महाराज से की। गाय हमारी पूज्यनीय है। हम भारत सरकार से चाहते हैं कि गाय को राष्ट्र माता का दर्जा मिले। साथ ही गोहत्या पर कठोर कानून बने। ताकि कोई भी गऊ माता की तरफ आंख न उठा सके।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक कर पूजन अर्चन किया। मंदिर के सेवायत दीपचंद पुरोहित एवं सेवायत हर्षवर्धन कौशिक ने पूजा अर्चना कराई। मंदिर पर गोवर्धन नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार की अगुवाई में नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर अंग वस्त्र ओढ़ाकर शंकराचार्य का स्वागत किया। शंकराचार्य ने ब्रज संत पंडित गया प्रसाद की भजन कुटीर में दर्शन किए। परिक्रमा मार्ग में त्यागी आश्रम जंगलेश्वर महादेव मंदिर पर दीनबंधु दास शास्त्री महाराज की अगुवाई में शंकराचार्य का स्वागत किया। शंकराचार्य सरस्वती ने जतीपुरा में गिरिराज मुखारविंद मंदिर पर पूजा अर्चन किया।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/राजेश

   

सम्बंधित खबर