कांग्रेस अध्यक्ष ने विधानसभा से बद्रीनाथ विधायक राजेंद्र सिंह की सदस्यता रद्द करने की मांग

देहरादून, 17 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस ने बद्रीनाथ के पार्टी विधायक राजेन्द्र भण्डारी के आज पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर विधानसभा अध्यक्ष से सदस्यता रद्द करने की मांग की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने दल-बदल कानून के अन्तर्गत विधायक राजेन्द्र भण्डारी की विधानसभा सदस्यता रद्द करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी को पत्र लिखा है।

उन्होंने पत्र में बताया है कि राजेन्द्र भण्डारी विधायक विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से 17 मार्च को अपना त्याग पत्र दिया है। भण्डारी का त्याग पत्र पार्टी की ओर से स्वीकार कर लिया गया है। साथ ही भण्डारी ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। विधायक भण्डारी कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिन्ह पर निर्वाचित हुए हैं। दल-बदल विरोधी कानून के अन्तर्गत पार्टी से त्याग पत्र देने के उपरान्त किसी भी विधायक की सदस्यता स्वतः ही समाप्त मानी जाती है। दल-बदल कानून के अन्तर्गत बद्रीनाथ विधायक को अयोग्य घोषित कर सदस्यता रद्द की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर