पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित हो सकता है पश्चिमी हिमालय का क्षेत्र

कानपुर,18 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ 20 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले पांच दिनों के मध्य हल्के से मध्यम बादल आसमान में छाए रहने की आसार है लेकिन वर्षा की कोई संभावना नहीं है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने बताया कि सोमवार दिन का अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता की बात की जाए तो अधिकतम 75 प्रतिशत और न्यूनतम 35 प्रतिशत रहा। हवा की औसत गति 2.2 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवा की दिशा उत्तर पश्चिम थी।

देश भर में मौसम प्रणाली

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि एक ट्रफ रेखा विदर्भ से उत्तरी केरल तक मराठवाड़ा और कर्नाटक होते हुए गुजर रही है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ को पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर, लगभग 68 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 30 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में देखा जाता है। 20 मार्च की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर