बाहरी के बजाय स्थानीय के पक्ष में रहेगा अलवर का यादव समाज - भारत यादव

अलवरअलवरअलवरअलवर

अलवर, 22 मार्च(हि.स.)। यादव समाज के जिलाध्यक्ष भारत यादव सहित जिले के समाज के लोगों ने शुक्रवार को मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर उन्होंने कई सवाल खड़े किए। उन्होंने यहां यह भी साफ किया कि वह किसी पार्टी की ओर से नहीं बल्कि समाज की ओर से बोल रहे हैं। समाज के लोग उनके साथ बैठे हैं।

जिलाध्यक्ष भारत यादव ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी भूपेंद्र यादव बड़े नेता है। यह हमें भी पता है। लेकिन बड़े नेता ने अलवर यादव समाज के लिए क्या काम किया है। अगर एक कोई काम किया हो तो कृपया वह समाज के सामने रखे। एक अहीर रेजिमेंट बनवाने के लिए समाज सड़कों पर लड़ाई लड़ रहा है। उसमे भी भूपेंद्र यादव कभी नजर नहीं आए। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र यादव ने यदि कुछ बड़ा काम किया है तो समाज के सामने आकर बताएं। 4 फरवरी 2022 से अहीर रेजिमेंट का आंदोलन चल रहा है। जिसमें देशभर के समाज के लोग आ रहे हैं लेकिन भूपेंद्र यादव अब तक उस आंदोलन में एक दिन नहीं आए। जबकि उसमें यूपी, बिहार से भी यादव समाज के नेता आए हैं। अब हम कैसे एक बाहर से आए नेता पर विश्वास कर लें। जबकि हमारा अपना स्थानीय नेता (छोरा) खड़ा है। ऐसे में बाहर के नेता से उसे कैसे पिटवा सकते हैं। स्थानीय हमारे लिए पहले है। जिसने यादव समाज के हर काम में आगे चलकर भूमिका निभाई है।

इसलिए समाज ने यह फैसला लिया है चुनाव में यादव समाज स्थानीय प्रत्याशी ललित यादव के साथ खडा रहेगा। इस दौरान पत्रकार वार्ता में बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। जो जिले की बहरोड़, मुंडावर, तिजारा और किशनगढ़बास विधानसभा से आए थे।

डॉ. करण सिंह यादव का भाजपा में जाने का निर्णय गलत

जिलाध्यक्ष यादव ने कहा कि पूर्व सांसद डॉ. करण सिंह यादव सभी वर्गों के सम्मानीय हैं। जिन्होंने डॉक्टर रहते हुए जनता की सेवा की। फिर यादव ही नहीं सर्व समाज ने उनको सिर आंखों पर बैठाया लेकिन अब विधानसभा व लोकसभा में उनके पसंद के टिकट नहीं मिले तो वह अनर्गल आरोप लगा रहे। क्या उन्हें टिकट मिलता तो तब भी वह यह आरोप लगाते। पिछले चुनाव में उन्होंने कहा था यह मेरा अंतिम चुनाव है फिर भी अब चुनाव की क्यों लगी है। अब स्थानीय नौजवान को मौका मिला है तो घर का मुखिया होकर साथ देना था। जनता में डॉ. करण सिंह का सम्मान आज भी है। उनको अब भी अपने फैसले पर सोचना चाहिए। यह उनका व्यक्तिगत फैसला है। लेकिन उन्होंने सार्वजनिक मंच से कई गलत बयान भी दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ मनीष बावलिया/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर