जिला कांग्रेस कमेटी कठुआ ने चौधरी लाल सिंह का किया स्वागत

कठुआ 22 मार्च (हि.स.)। हाल ही में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए डोगरा स्वाभिमान संगठन के संस्थापक चौधरी लाल सिंह का जिला कांग्रेस कमेटी ने कठुआ में जोरदार स्वागत किया।

जिला कांग्रेस पार्टी कठुआ अध्यक्ष पंकज डोगरा की अध्यक्षता में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने चौधरी लाल सिंह और उनकी धर्मपत्नी कांता अंडोत्रा को हार पहनाकर स्वागत किया। इस बीच उन्होंने लोकसभा चुनाव के पहले चरण 19 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर विचार विमर्श किया। समारोह के दौरान जिला अध्यक्ष ने जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों का परिचय करवाया और सभी को चौधरी लाल सिंह के साथ कंधे से कंधे मिलाकर चलने का आह्वान किया।

पंकज डोगरा ने चौधरी लाल सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 का कांग्रेस पार्टी का सीधा मुकाबला भाजपा के साथ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि 1 महीने तक घर-घर जाकर कांग्रेस पार्टी का प्रचार करें और भाजपा के दस साल के दौरान बढ़ी बेरोजगारी महंगाई जैसे मुद्दों से अवगत करवाएं, ताकि केंद्र में कांग्रेस की सरकार आए और फिर से खुशहाल हिंदुस्तान बने। उन्होंने कहा कि बीते 10 सालों में भाजपा के कार्यकाल में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। महंगाई चरम सीमा पर है युवा बेरोजगार हैं और कई विभागों में अस्थाई कर्मचारी हैं आज भी अस्थाई ही है। उन्होंने कहा कि रियासत को राज्य का दर्जा दिलवाना और जम्मू कश्मीर के स्थानीय लोगों की नौकरी और जमीनों को बचाना उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी।

हिन्दुस्थान/समाचार/सचिन//बलवान

   

सम्बंधित खबर