ईडी के साथ आंख-मिचौली खेल रहे थे केजरीवाल, कानून की नजर में सब समान : शेखावत

जैसलमेर, 22 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी द्वारा गिरफ्तार करने पर केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ईडी के इतने समन जारी करने के बाद भी वे पेश नहीं हुए। अब ये कोई इतिहास का पहला मामला नहीं है जिसमें भ्रष्टाचार को लेकर कोई कार्रवाई हुई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भ्रष्टाचार की जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहे हैं। भ्रष्टाचार किसी भी लेवल पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आंख मिचौली खेल रहे थे। कानून की नजर में सब समान हैं। कानून अपनी कार्रवाई कर रहा है। संविधान में पद-प्रतिष्ठा और पदनाम कानून के आड़े नहीं आता है। इसलिए कानून अपना काम कर रहा है। चाहे वो कोई भी व्यक्ति हो, अगर उसने भ्रष्टाचार किया है तो बख्शा नहीं जाएगा। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर गजेंद्र सिंह ने बताया कि कानून के लिए सभी बराबर हैं। चाहे वो कोई भी हो, अगर उसने भ्रष्टाचार किया है तो किसी भी कीमत पर उसे छोड़ा नहीं जाएगा। हमारे प्रधानमंत्री शुरू से ही भ्रष्टाचार पर सख्ती से काम कर रहे हैं। सभी एजेंसियां अपने तरीके से काम कर रही है। ईडी के साथ केजरीवाल ने भी आंख मिचौली खेली। इतने सम्मन जारी होने के बाद भी पेश नहीं हुए। अब कानून अपना काम कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री इन दिनों जैसलमेर की यात्रा पर हैं। यहां उन्होंने राजपरिवार सदस्य हुकम सिंह के स्वर्गवास पर उनके घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और हुकम सिंह को श्रद्धांजलि पेश की। पोकरण में उन्होंने एक सभा में शिरकत कर भाजपा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। लोकसभा चुनाव को लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र पोकरण में वे अपना कैंपेन शुरू कर रहे हैं। पोकरण, जोधपुर लोकसभा सीट में आता है। इसलिए पोकरण की यात्रा चुनावों को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस यात्रा में उनके साथ पोकरण विधायक महंत प्रताप पुरी समेत कई भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर