पश्चिमी उप्र में बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी की संभावना

कानपुर, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम में रोजाना बदलाव देखे जा रहे हैं। कभी पछुआ हवाओं से तापमान गिर जाता है तो कभी खिली धूप सामान्य से अधिक तापमान कर देती है। शनिवार को भी आसमान में बादलों की आवाजाही रही और पछुआ हवाएं चलती रहीं। हालांकि तापमान लगभग सामान्य ही रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपदों में बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता से उत्तर प्रदेश के मौसम में इन दिनों बराबर बदलाव देखा जा रहा है। शुक्रवार को जहां पछुआ हवाओं से तापमान गिरा रहा तो वहीं शनिवार को खिली धूप लोगों को परेशान करने लगी। हालांकि पछुआ हवााओं के चलने से तापमान सामान्य के लगभग ही रहा। आज की रात्रि पश्चिमी हिमालय पर एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है जिससे होली के त्योहार में वातारण में नमी रहेगी और सुबह शाम गुलाबी सर्दी महसूस होगी। इस दौरान हवाओं की गति तेज रहेगी।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 33.0 और न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 76 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 31 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 6.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों मे हल्के से मध्यम बादल छाये रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर