भ्रष्ट नेताओं को बचाने और लूटा हुआ धन छिपाने में जुटा इंडी गठबंधन

गोरखपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मंगलवार को विजय चौक स्थित रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेसवार्ता में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने का संकल्प लिया है। उन्होंने अपने दस साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार विरोधी मिशन पर काम करते हुए देश हित में बेहतर परिणाम भी दिए हैं। दूसरी ओर इडीं गठबंधन के नेता भ्रष्टाचारियों को बचाने और लूट का धन छिपाने में जुटे हैं। इनकी भ्रष्टाचार परस्त नीति शर्मसार करने वाली है।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए देश की 140 करोड़ जनता उनका परिवार है। मोदी अपने परिवार को भ्रष्टाचारियों से बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही पड़ेगा यह मोदी की गारंटी है।

कहा कि इंडी गठबंधन घोटाले बाजों की गैंग है। यहां सब देश को लूटना चाहते हैं और यह भी चाहते हैं कि उसके भ्रष्टाचार पर चर्चा न हो। इन दलों का दोहरा चरित्र जनता के सामने है। आम आदमी पार्टी कहती है कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के समर्थन में रैली हो रही है। कांग्रेस कहती है कि यह किसी व्यक्ति के समर्थन में नहीं बल्कि पूरे गठबंधन की रैली है।

कांग्रेस-आम आदमी पार्टी दिल्ली में तो इलू-इलू कर रही है,लेकिन पंजाब में ''हम आपके हैं कौन'' हो रहा है। इसी तरह पश्चिम बंगाल में ममता दीदी ने कांग्रेस के साथ में लड़ने से इनकार कर दिया। बिहार में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे ने अपने उम्मीदवार पहले घोषित कर कांग्रेस को जोर का झटका दिया है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के सांसद और विधायक दोनों दलों को छोड़कर जा रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस को कोई दल भाव नहीं दे रहा है। इस नाते कांग्रेसी नेता अनर्गल प्रलाप करते देखे जा रहे हैं।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इंडी गठबंधन की मंशा जितना हो सके लूटो, हर दिन नया झूठ बोलो, मोदी को गाली दो, देश को बदनाम करो और हिन्दू धर्म को बदनाम करने का है। हालांकि इनका मंसूबा सफल होने वाला नहीं है। इस बार के लोकसभा चुनाव में चार सौ पार और एक फिर मोदी सरकार के भाजपा के संकल्प को जनता साकार करेगी।

इस दौरान गोरखपुर महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन, सह मीडिया प्रभारी ध्रुव श्रीवास्तव, राहुल तिवारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रिन्स पाण्डेय/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर