भाजपा रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच, कांग्रेस का आरोप तथ्यहीन : महेन्द्र भट्ट

देहरादून, 02 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा अपने 10 साल के रिपोर्ट कार्ड के साथ जनता के बीच है और उसे कांग्रेस के तथ्यहीन आरोपों पर सफाई देने की जरूरत नही है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पत्रकारों के सवालों पर कहा कि कांग्रेस उन सवालों को पूछ रही है, जिनका जवाब जनता दे चुकी है या अब इन चुनावों में देगी। भाजपा जनता से किये गए वायदे और संकल्प को लेकर जनता के प्रति जवाबदेह है जबकि कांग्रेस महज प्रधानमंत्री को गाली देने और जनादेश का अपमान कर रही है।

अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि पहाड़ की बेटी अंकिता के मामले में तमाम आरोप प्रत्यारोप लगा रही है। कांग्रेस को जनता ने उसकी और कथित यात्रा के दौरान बैकफुट पर धकेल दिया है। कांग्रेस खिसियाकर भाजपा नेताओं के खिलाफ अनर्गल आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह गलतफहमी जनता जल्दी ही दूर करने वाली है क्योंकि दुष्प्रचार से जनता का मत और मन परिवर्तित नही किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि घोटालों की त्रिर्वेणी में डूबी कांग्रेस अब गुनहगारों के बारे में पूछ रही है यह हास्यास्पद है। मुख्यमंत्री धामी के शासन में बिना काल खंड देखे सभी मामलों की जांच और देश का सशक्त नकल कानून अस्तित्व में है। राज्य के बेरोजगारों के हित आज सुरक्षित हुए हैं लेकिन कांग्रेस इस दौरान भ्रष्टाचारियों के साथ भी खड़ी दिखी। कांग्रेस के कार्यकाल में जो बड़े घोटाले हुए उन पर वह मौन रही। धामी ने लम्बी लकीर खींची और नकल की संभावना को ही खत्म कर दिया। आज पेपर लीक मामले मे आरोपी सलाखों के पीछे हैं।

उन्होंने कहा कि आज राज्य हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में केंद्र की सहायता से डेढ़ लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं संचालित हो रही है। प्रधानमंत्री ने आज रुद्रपुर जन सभा में आश्वस्त किया कि यह 10 साल का कार्यकाल तो ट्रेलर है और राज्य को विकास के क्षेत्र में कहीं अधिक आगे जाना है। राज्य की पहचान केदार खंड के अलावा मानसखंड के रूप में भी होगी। निश्चित रूप से उत्तराखंड देश के सर्वश्रेष्ठ राज्य की और अग्रसर होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर