कानपुर लोकसभा सीट पर कहीं नहीं दिख रहा विपक्ष, लगातार तीसरी बार खिलेगा कमल

कानपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। पार्टी के स्थापना दिवस पर शनिवार को कानपुर लोकसभा सीट के भाजपा उम्मीदवार रमेश अवस्थी का केन्द्रीय कार्यालय खोला गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष से लेकर महापौर और विधायकों व पदाधिकारियों ने एक सुर में कहा कि यहां पर तो विपक्ष कहीं दिख ही नहीं रहा। अबकी बार सीट जीतकर जहां भाजपा हैट्रिक लगाएगी तो वहीं जीत का अंतराल इतना बढ़ जाएगा कि विपक्ष ने कभी सोंचा भी नहीं होगा।

शनिवार को कानपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार रमेश अवस्थी के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन हुआ। शास्त्री पार्क के सामने एस्सेल पैलेस के पास जहां महापौर प्रमिला पांडेय का कार्यालय था वहीं पर भाजपा का केंद्रीय कार्यालय खोला गया। भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, उम्मीदवार रमेश अवस्थी, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद सत्यदेव पचौरी, महापौर प्रमिला पांडेय, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, विधायक सुरेंद्र मैथानी, एमएलसी सलिल बिश्नोई, अरुण पाठक, उत्तर- दक्षिण जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय, शिवराम सिंह ने विधि विधान से हवन पूजन कर केंद्रीय कार्यालय का शुभारंभ किया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के जनसैलाब को देख कर लग रहा है की विपक्ष आज अपनी छाती पीट रहा होगा। 2019 में हम कहते थे की ठुमक चलत रामचंद्र बाजत पैजनिया, आज हम कह सकते है धमक चलत रामचंद्र फाटत पैजनिया। उन्होंने कहा कि देश की जनता नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। पार्टी कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा तक मेहनत करें। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क व संवाद कर मोदी की उपलब्धियां को जनता तक पहुंचाएं।

इस दौरान पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार, बाल चंद्र मिश्र, जगवीर सिंह द्रोण, रघुनंदन भदौरिया, सुरेश अवस्थी, विधायक सरोज कुरील, नीरज चतुर्वेदी, अजय कपूर, लोकसभा प्रभारी रामशरण कटियार, मणिकांत जैन आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर