अस्पतालों में दो घंटे बाधित रही चिकित्सा सेवाएं

जोधपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर में महिला का खुले में प्रसव करवाने के प्रकरण में रेजिडेंट डॉक्टरों को दोषी बनाने के विरोध में जयपुर में चल रही हड़ताल का जोधपुर में भी समर्थन किया गया है। यहां शुक्रवार को सुबह डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर दो घंटे तक अपना विरोध जताते हुए हड़ताल पर रहे। इस दौरान हॉस्पिटल में चिकित्सा सेवाएं बाधित रही।

रेजिडेंट डॉक्टरर्स यूनियन के अध्यक्ष डॉ.रविंद्र चारण ने बताया कि जयपुर के कांवटिया हॉस्पिटल में कुछ दिन पहले एक महिला का खुले में प्रसव करवाया गया था जिसका मुद्दा सुर्खियों में आने के बाद सरकार ने जांच में पांच रेजिडेंट डॉक्टर को दोषी माना था। इस पर जयपुर के रेजिडेंट डॉक्टरों ने विरोध जताया और पिछले छह दिनों से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलकर हड़ताल पर है। शुक्रवार को जोधपुर के रेजिडेंट डॉक्टरों ने भी इसका समर्थन किया। इसी के चलते सुबह आठ से दस बजे तक रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार किया। उन्होंने सरकार के आदेश का विरोध जताते हुए रेजिडेंट डॉक्टरों पर लगाए आरोपों को वापस लेने की मांग की है। इसको लेकर मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल को ज्ञापन भी सौंपा गया है।

यहां पर किया कार्य बहिष्कार

जोधपुर में डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों में साढ़े पांच सौ रेजिडेंट डॉक्टर पीजी कर रहे हैं। उनकी हड़ताल से एमडीएम अस्पताल, महात्मा गांधी अस्पताल, कमला नगर चेस्ट हॉस्पिटल और उम्मेद अस्पताल में सेवाएं प्रभावित हुई। रेजिडेंट डॉक्टर्स नेे आउटडोर, इमरजेंसी, आईसीयू, वार्ड का बहिष्कार किया। वे सभी मेडिकल कॉलेज में एकत्रित हुए और यहां विरोध-प्रदर्शन के बाद प्राचार्य को अपनी मांग का ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांगे नहीं मानने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने की चेतावनी दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर