मनाई गई सामाजिक समरसता के जनक भीमराव अंबेडकर की जयंती

उद्घाटन करते अतिथि

भागलपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर भागलपुर में शनिवार को डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई।

विद्यालय का सचिव उपेंद्र रजक, प्रधानाचार्य नीरज कुमार कौशिक एवं जयंती प्रमुख उत्तम कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य नीरज कुमार कौशिक ने कहा कि कानून वेत्ता एवं समाज सुधारक डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का जीवन संपूर्ण विश्व के लिए आदर्श है।

सामाजिक स्तर से दलित पीड़ितों एवं आदिवासियों के लिए उनके अधिकार के लिए आवाज उठाने वाले भीमराव अंबेडकर ने समाज में समरसता का भाव विकसित करने का प्रयास किया। जातिवाद एवं छुआछूत जैसे सामाजिक कुरीतियों को दूर कर स्वच्छ समाज के निर्माण में उनका बहुत बड़ा योगदान है। मौके पर उत्तम कुमार मिश्र ने कहा कि महान चिंतक, समाज सुधारक, राजनीतिज्ञ एवं प्रतिभा के धनी भीमराव अंबेडकर का व्यक्तित्व एवं जीवन भारतीय समाज में फैले हुए कुरीतियों को दूर करने के लिए ही था।

सामाजिक समरसता को विकसित करने के लिए ही कानून वेत्ता अंबेडकर ने कई देशों के संविधान का अध्ययन करके महत्वपूर्ण बिंदुओं का चयन करते हुए उसे भारतीय संविधान में जोड़ा। इसके अतिरिक्त संविधान संशोधन का प्रावधान भी उन्होंने ही रखा। उन्होंने केवल दलितों के लिए ही नहीं बल्कि अपने देश का विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्हें भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन की ओर से वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले, उत्कृष्ट उपस्थिति वाले और विद्यालय के अनुशासन में सहयोग करने वाले 100 से अधिक छात्रों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर पीहू पल्लवी, चांदनी, देव कुमार आदि ने भी अपना भाव व्यक्त किया। इस अवसर पर अभिमन्यु कुमार, पुष्कर झा, मीडिया प्रभारी दीपक कुमार झा, डॉक्टर संजीव कुमार झा एवं सभी आचार्य बंधु उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/बिजय

/गोविन्द

   

सम्बंधित खबर