विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला भाजपा का संकल्प पत्र : भूपेंद्र चौधरी

पत्रकार वार्ता करते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरीपत्रकार वार्ता करते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी

मेरठ, 15 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी है। भाजपा सरकार अपने सभी वादों पर खरी उतरी है। भाजपा का संकल्प पत्र विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला और लंबी छलांग लगाने वाला है।

सूरजकुंड स्थित भाजपा के मीडिया सेंटर में सोमवार को पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का संकल्प पत्र है। प्रधानमंत्री ने अगले 25 वर्षों का संकल्प जनता के सामने रखा है। यह संकल्प पत्र 15 लाख लोगों के सुझाव के बाद बना है। भाजपा का संकल्प पत्र विकसित भारत और लंबी छलांग लगाने वाला है।

उन्होंने कहा कि आज हमारे देश को दुनिया जानती है। इसके पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन और कार्य है। देश में बिना किसी भेदभाव के विकास किया जा रहा है। भाजपा सरकार सबका साथ और सबका विकास के नारे पर अडिग है और रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जितना काम अपने कार्यकाल में किया, उतना काम किसी ने नहीं किया।

उन्होंने भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। भाजपा सरकार ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है, जो आगे भी पहुंचाया जाता रहेगा। भारतीय जनता पार्टी ज्ञान यानि (गरीब, युवा, अन्नदाता व नारीशक्ति) को लेकर आगे बढ़ रही है और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प ले रही है। उन्होंने कहा कि आगामी पांच वर्ष में फ्री राशन की योजना जारी रहेगी। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों का विस्तार होगा। इसके अलावा पांच लाख का मुफ्त इलाज मिलता रहेगा। साथ ही 70 साल की आयु के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाया जाएगा।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने तीन करोड़ और घर बनाने का संकल्प लिया है। आने वाले पांच साल में नारी सशक्तिकरण में भागीदारी निभाई जाएगी। तीन करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की गांरटी ली है। पीएम किसान सम्मान निधि आगे भी जारी रहेगी। देश में डेयरी सहकारिता समिति की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। दलहन और तिलहन में आत्मर्निभर के लिए किसानों की मदद करेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, सरोजिनी अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर