लोकसभा चुनाव : 293 फ्लाइंग स्क्वाड और 252 स्टेटिक्स सर्विलांस टीम तैनात

-17 से 19 अप्रैल तक राज्य में रहेगा ड्राई डे

-मतदान से तीन दिवस पूर्व राज्य में 12 पोलिंग पार्टियां होंगी रवाना

देहरादून, 15 अप्रैल (हि.स.)। मतदान के दृष्टिगत राज्य के सभी 13 जनपदों में 293 फ्लाइंग स्क्वाड और 252 स्टेटिक्स सर्विलांस टीम तैनात की गई हैं। मतदान से तीन दिवस पूर्व राज्य में 12 पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। 17 अप्रैल से 19 अप्रैल तक राज्य में ड्राई डे रहेगा।

सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड में 11729 पोलिंग बूथ पर 19 अप्रैल को मतदान होना है। मतदान का समय प्रातः 07 बजे से सायं 05 बजे तक होगा। मतदान दिवस से 72 घंटे पहले इन सभी टीमों की ओर अधिक गहनता से चेकिंग अभियान चलाया जाता है।

मतदान से 72 घंटे पहले का समय कल से प्रारम्भ हो जायेगा। इसके दृष्टिगत अन्तरराष्ट्रीय बॉर्डर पर सीलिंग को अंजाम दिया जायेगा। अन्तर्राज्यीय बॉर्डर पर भी चेकिंग अभियान सघनता से चलाया जायेगा। सभी चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग के निर्देश दिये गये हैं। 17 अप्रैल सांय 05 बजे से 19 अप्रैल सांय 06 बजे तक राज्य में ड्राई डे रहेगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पोलिंग पार्टियों के रेंडमाइजेशन की कार्यवाही अभी गतिमान है। मतदान दिवस से तीन दिवस पूर्व प्रस्थान करने वाली राज्य में 12 पोलिंग पार्टियां हैं। जिसमें 11 उत्तरकाशी जनपद में और एक पिथौरागढ़ जनपद में हैं। कल इन सभी 12 पोलिंग पार्टियों का प्रस्थान होगा। इन पोलिंग पार्टियों को मंगलवार सुबह से सामग्री उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्रारंभ हो जायेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर