संविधान बदलने की अफवाह फैला रहा है विपक्ष : रामदास आठवले

मुंबई, 17 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि विपक्ष संविधान बदलने की अफवाह फैला रहा है, जबकि देश के संविधान को बदलने का अधिकार किसी को नहीं है। चुनाव से पहले यह अफवाह फैलाकर लोगों में गलतफहमी पैदा करने की कोशिश की जा रही है।

राम दास आठवले ने बुधवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि नरेन्द्र मोदी ने सत्ता में आने के बाद 26 नवंबर को ‘संविधान दिवस’ के रूप में मनाना शुरू करके संविधान का सम्मान बढ़ाने का काम किया है। अब राजनीति में नैतिकता नहीं रही, पहले नीतिगत राजनीति होती थी। राजनीति में विरोधियों का सम्मान किया जाता था, अब की तरह एक-दूसरे पर कीचड़ नहीं उछाला जाता था। आलोचना का जवाब देते समय नैतिकता की सीमा का ध्यान रखा जाता था लेकिन राजनीति में अब निचले स्तर पर आरोप प्रत्यारोप करने का चलन हो गया है।

उन्होंने कहा कि इसी वजह से विपक्ष प्रधानमंत्री पर संविधान बदलने की साजिश रचने का आरोप लगा रहा है, जो निराधार है। राम दास आठवले ने राज्य की जनता से विपक्ष की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर/सुनीत

   

सम्बंधित खबर