सुख, समृद्धि और प्रगति का आधार हैं बेटियां : नन्दी

-मंत्री नन्दी और पूर्व महापौर ने हवन-पूजन के साथ किया कन्या पूजन

प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स.)। बेटियां सुख, समृद्धि और प्रगति का आधार हैं। इनकी पूजा सर्वोत्तम पूजा है। नवरात्रि आदिशक्ति की आराधना का पर्व है, जो सर्वशक्तिमान और सर्वव्यापी हैं। नवरात्रि पर्व इन्हीं जगत जननी को समर्पित है। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नन्दी ने कही।

बुधवार को चैत्र नवरात्रि की महानवमी पर बहादुरगंज स्थित आवास पर आदि शक्ति मां दुर्गा का नौ दिनों का अखंड व्रत संकल्प पूरा कर सपरिवार मां दुर्गा की स्तुति के साथ ही मंत्री नन्दी ने हवन-पूजन किया। कन्या पूजन करते हुए कन्याओं के पांव पखारे और भोजन प्रसाद खिलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। नन्दी और पूर्व महापौर ने कुंवारी कन्याओं के पांव पखारे। उनके पैरों में रंग लगाया। वहीं माथे पर रोली, चंदन, दही, अक्षत का तिलक लगाकर व चुनरी ओढ़ाकर उपहार एवं दक्षिणा प्रदान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती उतारी वहीं अपने हाथों से भोजन परोसा।

पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कुमारी कन्याओं को साक्षात देवी स्वरूपा माना गया है। आज के समय में बेटियां किसी भी मायने और किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। इसलिए आज के समय में बेटियों को सशक्त और समृद्ध बनाते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है, जिसके लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्याकान्त/आकाश

   

सम्बंधित खबर