मुख्यमंत्री सरमा हमें विभिन्न तरीकों से परेशान कर रहे हैं : रकीबुल हुसैन

धुबड़ी (असम), 20 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के विधायक एवं धुबड़ी लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार रकीबुल हुसैन ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह हमें विभिन्न तरीकों से परेशान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिब्रूगढ़ में लुरिनज्योति गोगोई और जोरहाट में गौरव गोगोई का जीतना तय है। इसके चलते मुख्यमंत्री परेशान हैं।

रकीबुल ने शनिवार को धुबड़ी लोकसभा क्षेत्र के सरायखोला में एक चुनावी रैली की। चुनावी रैली में रकीबुल हुसैन ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, एआईयूडीएफ पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद मौलाना बदरुद्दीन अजमल पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरमा आग प्रज्वलित करते हैं तो बदरुद्दीन उस पर मिट्टी का तेल डालने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के लोग बदरुद्दीन को जानते हैं और कोचराजवंशी समुदाय भी वोट नहीं देते हैं, इसलिए कांग्रेस का धुबड़ी में जीतना तय है।

उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस सत्ता में आती है तो 30 लाख नौकरियां मुहैया करायी जाएगी। महिलाओं के लिए 25 हजार रुपये और 200 यूनिट बिजली फ्री, आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ प्रकाश/अरविंद /वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर