कांकुड़गाछी दुर्घटना में घायल हुए बच्चे ने तोड़ा दम, सड़कों पर उतरे लोग

कोलकाता, 20 अप्रैल (हि.स.)। कांकुड़गाछी में बंगाल केमिकल के पास फुटपाथ पर कार पलटने से घायल दो बच्चों में से एक की अस्पताल में मौत हो गई। शनिवार सुबह बच्चे की मौत की सूचना मिली। जैसे ही यह खबर इलाके में पहुंची, स्थानीय लोग विरोध प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतर आये। उन्होंने कुछ देर तक सड़क पर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस ने वहां आकर स्थिति को नियंत्रित किया है।

शुक्रवार दोपहर एक नीली कार तेज रफ्तार की वजह से नियंत्रण खोकर कांकुड़गाछी में बंगाल केमिकल के पास फुटपाथ पर चढ़ गई थी। उस वक्त कुछ बच्चे फुटपाथ पर खेल रहे थे। इस घटना में दो बच्चों समेत कुल तीन लोग घायल हो गये। दोनों बच्चों की हालत गंभीर थी। इनमें अंकित साव नामक छह वर्षीय बच्चे की शनिवार सुबह मौत हो गयी। दूसरी घायल बच्ची रिया घोष का अभी भी एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह भी छह साल की है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक कार अभिषेक सुल्तानिया नाम का शख्स चला रहा था। शुक्रवार को पुलिस ने उसे पकड़ लिया। कार उनके पिता के नाम पर खरीदी गई थी। अभिषेक ने दावा किया कि गाड़ी चलाते वक्त उन्हें नींद आ गई थी।

शनिवार को विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद भी बड़ी संख्या में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाया बुझाया है। बताया गया है कि दुर्घटना करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा लगाई गई है। कार भी जब्त कर ली गई है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर