भाजपा उम्मीदवार राजनाथ सिंह के नामांकन जुलूस में दिखेगी डांडिया

लखनऊ, 24 अप्रैल(हि.स.)। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में लखनऊ लोकसभा सीट पर पूरे देश की नजर है। यहां से भाजपा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को उम्मीदवार बनाया है। उनके नामांकन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। उनके नामांकन में भव्य जुलूस के साथ ही डांडिया नृत्य भी होगा।

बुधवार को भाजपा नेता नीरज सिंह से सिंधी समाज के वरिष्ठ जन और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भेंट की। नीरज सिंह ने उनकी बातों को सुना और सिंधी समाज की ओर से नामांकन जुलूस में डांडिया कर खुशी जाहिर करने की बात को स्वीकार कर लिया।

लखनऊ में भाजपा के चुनाव प्रबंधन समिति की बागडोर सम्भाल चुके भाजपा नेता नीरज सिंह से सिंधी अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष नानक चंद लखमानी ने भेंटकर कहा कि भाजपा उम्मीदवार राजनाथ सिंह जन—जन के नेता हैं और उनके नामांकन जुलूस में सिंधी समाज अपने तौर तरीके से खुशी जाहिर करना चाहता है। इसके लिए जुलूस में सिंधी समाज से जुड़े भाजपा कार्यकर्ता डांडिया करेंगे। जिसे नीरज सिंह की ओर से सहज स्वीकार कर लिया गया।

उन्होंने कहा कि 29 अप्रैल को हजरतगंज स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर सुबह 10 बजे के करीब बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग और भाजपा से जुड़े कार्यकर्ता पहुंचेंगे। जन—जन के नेता राजनाथ सिंह के नामांकन जुलूस में शामिल होंगे। नामांकन की सूचना को वह स्वयं भी कार्यकर्ताओं के बीच दे रहे हैं। इसके अलावा भाजपा के कार्यकर्ता भी नामांकन की सूचना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार जोरदार जुलूस निकलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/राजेश

   

सम्बंधित खबर