धुबड़ी में मुकाबला एआईयूडीएफ, एनडीए और कांग्रेस के बीच: मुख्यमंत्री

धुबड़ी (असम), 02 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है धुबड़ी लोकसभा सीट पर एनडीए समर्थित असम गण परिषद के उम्मीदवार की जीत हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस सीट पर लोगों के उत्साह को देखकर अब ऐसा लग रहा है कि मुकाबला यहां एआईयूडीएफ, एनडीए तथा कांग्रेस के बीच होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उम्मीदवार रकीबुल हुसैन की माफियागिरी अब नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में रकिबुल हुसैन के समय में जिस प्रकार गैंडों की हत्या हुई थी, उसे लोग नहीं भूल सकते।

मुख्यमंत्री गुरुवार को धुबड़ी में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि बरपेटा लोकसभा सीट पर एनडीए उम्मीदवार की जीत पक्की है। उन्होंने कहा कि यदि धुबड़ी सीट भी एनडीए के पक्ष में आ जाए तो कोई बड़ी बात नहीं है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने रैली को संबोधित करते हुए केंद्र तथा राज्य की भाजपा सरकारों द्वारा विकास के साथ-साथ लोक कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार द्वारा चलाई जा रही कई योजनाओं की चर्चा की। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि नरेन्द्र मोदी 400 से अधिक सीटें जीतकर तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर