देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का किया दावा

जम्मू, 7 मई (हि.स.)। लोकसभा चुनावों के पहले तीन चरणों में जनता में लोकतंत्र, संविधान को बचाने तथा घृणा व घमंड की राजनीति से छुटकारे की लहर दिखाई दी है। महाराष्ट्र में इसके पूरे उफान पर रहने के संकेत दिखें है। 4 जून को इंडिया गठबंधन की सरकार बनना तय है। यह दावा है शिवसेना (यूबीटी) जम्मू-कश्मीर ईकाई प्रमुख मनीश साहनी का।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस जम्मू-कश्मीर के नाम पर पूरे देश में अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकी वहां एक भी उम्मीदवार खड़ा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए, जो यह साबित करता है कि कश्मीर में भाजपा को पूरी तरह से नकार दिया गया है। साहनी ने कहा कि महाराष्ट्र के मुम्बई में भी डोर टू डोर जाकर प्रचार के दौरान जनता ने नाराज़गी व परिवर्तन के संकेत दिए हैं।

उन्होंने कहा कि अपने प्रचार के दौरान वह जम्मू-कश्मीर को लेकर भाजपा द्वारा परोसे जा रहे झूठ की पोल खोल रहे हैं। महाराष्ट्र व जम्मू-कश्मीर दोनों प्रदेश भाजपा की साजिशों का शिकार हुए हैं। देश का ताज कहे जाने वाले जम्मू-कश्मीर को दो टुकड़ों में बांट राज्य का दर्जा छीन लिया गया। विकास, रोजगार व अमन-चैन के तमाम दावे खोखले साबित हुए हैं। वहीं महाराष्ट्र में भी राजनीति अस्थिरता पैदा की गई। शिवसेना व एनसीपी के दो टुकड़े कर दिए गए। महाराष्ट्र के उघोगो को स्थांतरित किया जा रहा है। साहनी ने कहा कि महाराष्ट्र में एनडीए के प्रति भारी रोष दिखाई दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान

   

सम्बंधित खबर