जम्मू-कश्मीर में भीषण गर्मी पड़ना शुरू

जम्मू, 8 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में भीषण गर्मी पड़ना शुरू हो गई है। खासकर जम्मू में पिछले चार दिन में तापमान में भारी उछाल आया है और अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पास पहुंच गया है जिसका असर इंसानों पर तो क्या पशु-पक्षियों पर भी दिखने लगा है। आने वाले कुछ दिनों में भी मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।

तापमान में उछाल के साथ ही अचानक कूलर, एसी आदि का प्रयोग बढ़ने से बिजली की खपत बढ़ गई है। प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री ऊपर चल रहा है। कश्मीर में भी अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 10 मई तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी लेकिन 11 से 13 अप्रैल को कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।

जम्मू शहर में बुधवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दिनभर मौसम साफ रहने से दोपहर शुरू होने से पहले ही लोगों के पसीने छूटने लगे। इस दौरान बाजारों में भीड़ भी कम हो गई है। लोग जरूरी खरीदारी के लिए अब शाम के समय बाहर निकल रहे हैं। बढ़ती गर्मी के चलते ठंडे पेय पदार्थों की माग भी बढ़ गई है। इस दौरान पशु-पक्षी भी पानी की तलाश में बेहाल दिखे।

हिन्दुस्थान समाचार/सुमन/बलवान

   

सम्बंधित खबर