अखिलेश यादव की जनसभा से पहले कांग्रेस कार्यालय में समन्वय बैठक

- लखनऊ और मोहनलालगंज के सपा प्रत्याशियों के लिए अखिलेश की जनसभा

लखनऊ, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पांचवे चरण की लखनऊ और मोहनलालगंज के सपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए अध्यक्ष अखिलेश यादव जनसभा करेंगे। 12 मई को अपराह्न 12 बजे के करीब मलिहाबाद मार्ग पर दुबग्गा स्थित मैदान में जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। जनसभा में कांग्रेस के भी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचें और सपा प्रत्याशियों के लिए चुनाव में प्रचार करें, इसके लिए कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में दोनों पार्टियों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक हुई।

कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में सपा के दोनों प्रत्याशियों लखनऊ से रविदास मेहरोत्रा और मोहनलालगंज सीट से आरके चौधरी की मौजूदगी में समन्वय बैठक हुई। इस बैठक को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के चुनाव प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और कहा कि लोकसभा चुनाव के संग्राम में एक-एक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। चुनाव मैदान में गठबंधन के प्रत्याशियों की विजय के लिए सपा के कार्यकर्ताओं के साथ संयुक्त रूप से प्रचार, जनसभा, बूथ और मतदाता निकालने के लिए कार्य करना है।

सपा प्रत्याशी आरके चौधरी ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि लखनऊ और मोहनलालगंज लोकसभा सीटें गठबंधन की प्राथमिकता है। पहले जनसभा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को भी रहना था। फिर दूसरे कार्यक्रमों के कारण राहुल गांधी जनसभा में नहीं रह पायेंगे। हमारे नेता और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव जनसभा को सम्बोधित करने वाले हैं। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में पूरा जोश का माहौल व्याप्त है।

वहीं जनसभा स्थल पर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष जय सिंह जयन्त और पदाधिकारी पहुंचें। उन्होंने जनसभा स्थल के आसपास स्वच्छता कार्य कराया। साथ ही स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं को रात्रि में जनसभा स्थल पर ही रहने और कल अपराह्न 12 बजे तक मुस्तैद दिखने की अपनी बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/सियाराम

   

सम्बंधित खबर