मोदी के तीसरे कार्यकाल में विकसित राष्ट्र बनेगा भारत: जयवीर सिंह

जौनपुर,12 मई (हि.स.)। मोदी के तीसरे शासनकाल में भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। उक्त बातें प्रदेश सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को बसौली गांव में लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। पीडीए गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि यह गठबंधन परिवारवादियों का विकास करने के लिए बना है। मोदी के नेतृत्व में देश 11वीं के स्थान पर 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है। इस बार राष्ट्र दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा यह मोदी की गारंटी है।

राम मंदिर के बारे में उन्होंने कहा कि बीते पांच सदी में हमारे पूर्वजों ने जिस राम मंदिर के निर्माण के लिए लाखों कुर्बानियां दीं मोदी शासनकाल में उस मंदिर के भव्य निर्माण का सपना साकार हुआ। योगी सरकार की नीतियों का बखान करते हुए कहा कि आज प्रदेश दंगामुक्त होने के साथ ही बीमारू राज्य के कलंक से बाहर आ चुका है। बेरोजगारी दर तमाम विकसित राज्यों से कम है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि कृपाशंकर की जीत के बाद जौनपुर में डबल इंजन की सरकार और तेज गति से विकास करेगी। इसके पूर्व अपने संबोधन में विधायक रमेश सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। आयुष्मान भारत, राशन, किसान सम्मान निधि, गरीबों को आवास, पेंशन, सौभाग्य योजना, जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से हर व्यक्ति को लाभान्वित करने का एक कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम को विधानसभा प्रभारी रवीश पांडेय तथा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन संयोजक जितेंद्र सिंह, अध्यक्षता बेचन सिंह तथा आभार मंडल अध्यक्ष सुइथाकलां हृदयेश शुक्ल ने व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर