विधायक डॉ आलोक रंजन ने सुशील मोदी के निधन पर जताया शोक

सहरसा,14 मई (हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का निधन हो गया है।उनके निधन पर विधायक सह बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ आलोक रंजन ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। यह बिहार भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है। सौम्य स्वभाव, कुशल प्रशासक के रूप में योगदान तथा सार्वजनिक जीवन में शुचिता उनके व्यक्तित्व और कृतित्व में परिलक्षित होते थे।

उन्होंने कहा जेपी आंदोलन के सच्चे सिपाही, बिहार के उप-मुख्यमंत्री, संसद सदस्य और राज्य की विधायिका के दोनों सदनों के सदस्य के रूप में सुशील कुमार मोदी ने उच्च आदर्शों को निभाया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् से भाजपा तक सुशील जी ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया।

उन्होंने कहा कि सुशील मोदी की राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही।उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है। उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता।बिहार के संघर्ष शील जुझारू नेता जिन्होंने बिहार भाजपा को शिखर पर पहुंचाया। बिहार सरकार के माननीय पूर्व उप मुख्यमंत्री निवर्तमान सांसद स्व सुशील कुमार मोदी के आकस्मिक निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर छा गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/चंदा

   

सम्बंधित खबर