नीलकंठ हत्याकांड में पिस्टल के साथ तीन गिरफ्तार

दुमका, 18 मई (हि.स.)। जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के जोकेला गांव में 26 अप्रैल की सुबह घर के बरामदे में सोए नीलकंठ यादव (55.) की गोली मारकर हत्या के आरोप में निरंजन यादव, संजय यादव व नित्यानंद यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया। सभी हत्याकांड के अप्राथमिकी अभियुक्त हैं, जबकि मृतक के पुत्र ने जिन पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। उन्हें पुलिस ने क्लीनचिट दी है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल भी बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि हत्याकांड में तीन लोग शामिल थे और सभी ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर ही उस पिस्टल को भी बरामद कर लिया गया है, जिससे गोली मारी गई थी।

26 अप्रैल की अहले सुबह रोज की तरह नीलकंठ घर के बरामदे में सोया हुआ था। रात करीब दो बजे अचानक गोली चलने की आवाज सुनकर घर वाले उठकर बाहर निकले, तब तक अपराधी भाग चुके थे। नीलकंठ के माथे में गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सुबह जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी निरंजन कुमार अपने सहयोगी एवं पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे और शव कब्जे में लिया। मृतक के बड़े बेटे पवन कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि पिता की हत्या गांव के नंदलाल यादव, रामानंद यादव,सुनील यादव, हरेंद्र यादव एवं मंटू यादव ने अंजाम दिया है। पुलिस ने पांचों को नामजद आरोपित बनाया।

हिन्दुस्थान समाचार/ नीरज

   

सम्बंधित खबर