राहुल गांधी की कुंडली में पीएम और अखिलेश में सीएम बनने का योग नहीं: केशव प्रसाद मौर्य

भीड़ 

-डबल इंजन की मोदी-योगी सरकार भ्रष्टाचारियों को उल्टा लटकाकर सीधा करती है : उपमुख्यमंत्री

-उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शंकरगढ़ में की नीरज त्रिपाठी के समर्थन में जनसभा, उमड़ी भीड़

प्रयागराज, 23 मई (हि.स.)। कांग्रेस का सूर्य अस्त हो गया, राहुल गांधी की कुंडली में पीएम और अखिलेश की कुंडली में सीएम बनने का योग नहीं है। साइकिल पंचर हो गई, हाथ का पंजा सबने मरोड़ दिया, हाथी को कोई पूछने वाला नहीं है। कमल ही कमल चारों तरफ खिलने वाला है। 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। यह नरेन्द्र मोदी और भाजपा की गारंटी है।

यह बातें गुरुवार को प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इलाहाबाद लोकसभा एनडीए-भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी के समर्थन में शंकरगढ़ राजाकोठी परिसर में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। मोदीजी ने जो दस वर्षों में कार्य किया यह तो ट्रेलर है, पिक्चर तो चार जून के बाद दिखाने का कार्य किया जाएगा। विरोधी बहुत घबराए हैं, उनको लगता है तीसरी बार मोदी प्रधानमंत्री बने तो गरीबी देश से खत्म हो जाएगी। महिलाएं सशक्त होकर 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ जैसे घर चला रही वैसे विधायक-सांसद बनकर प्रदेश और देश को चलाएंगी। युवाओं को रोजगार का अवसर मिल जाएगा क्योंकि भारत ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का हब बनने जा रहा है। देश पांचवीं अर्थव्यवस्था से तीसरी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी देश से ग़रीबी हटाने और हर घर में खुशियां पहुंचाने का संकल्प ले रहे हैं।

मौर्य ने कहा कि दूसरे तरफ गुंडों, माफियाओं, दंगाइयों, भ्रष्टाचारियों का गैंग है। जब सपा, बसपा, कांग्रेस की सरकारें थीं तो सौ रुपये के बजट में 15 रुपये खर्च करते थे 85 रुपया दलाल लोग खा जाते थे। अब दलालों, बेइमानों, भ्रष्टाचारियों को भाजपा की डबल इंजन की मोदी योगी सरकार उल्टा लटकाकर सीधा कर दिया जाता है। उन्होंने जनता से पूछा विरोधी कह रहे हैं, तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री नहीं बनने दूंगा। क्या विरोधियों की औकात है मोदीजी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने से रोक पाएंगे। जनता ने हाथ उठाकर बताया नहीं। अब वह युग चला गया जब, वोट खरीदकर, धमकाकर लें लिए जाते थे। अब अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी का युग नहीं है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सरकार की तमाम योजनाएं को गिनाते हुए अपील किया कि भाजपा ने युवा ईमानदार प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी को उतारा है। डबल इंजन की सरकार डबल स्पीड से कार्य करेगी। सपा, बसपा, कांग्रेस के साथ गुंडे, अपराधी, माफिया खड़े हैं। हर घर में खुशहाली पहुंचे इतना फर्ज निभा देना, बाकी सब मोदी कर देंगे कमल का बटन दबा देना।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजक विधायक बारा डॉ वाचस्पति ने जनता से अपील किया की अपने एनडीए के प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी को 25 मई को सुबह पहले मतदान फिर जलपान करके कमल खिलाकर तीसरी बार अपने लिए, क्षेत्र, जिला, प्रदेश और देश के विकास को गति देने के लिए मोदी सरकार बनाकर बारा की धरती पर इतिहास रच देना। नीरज त्रिपाठी ने भी जनता से अपील कर कमल के सामने की बटन दबाकर जीत का आशीर्वाद मांगा। अध्यक्षता राजा महेन्द्र प्रताप सिंह शंकरगढ़ ने किया। संचालन भाजपा वरिष्ठ नेता अनूप केसरवानी ने किया। मंच पर जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति, अपना दल जिलाध्यक्ष राम मनोहर पटेल, मंडल अध्यक्ष शंकरगढ़ अखिलेश सिंह पटेल, पिमो. क्षेत्र अध्यक्ष अश्वनी सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, विधानसभा प्रभारी भोलानाथ तिवारी, विधानसभा संयोजक रत्नाकर सिंह, जय सिंह पटेल, संतोष त्रिपाठी, शिवराम सिंह परिहार, कमलेश त्रिपाठी सहित भारी संख्या में जनता का हुजूम उमड़ा रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्याकान्त/आकाश

   

सम्बंधित खबर