सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत

मुंबई,27 मई (हि. स.)। वसई में सोमवार सुबह दो अलग-अलग हादसों में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई है।पहली घटना में अनियंत्रित डंपर की टक्कर से दो महिला मजदूरों की मौत हो गयी। सोमवार की सुबह कुछ महिला मजदूर वसई पूर्व में सातीवली दर्रे के पास काम पर जाने के लिए खड़ी थी। इसी बीच एक डंपर तेज गति से आ रहा था।डंपर चालक ने नियंत्रण खो दिया और दो महिलाओं को जोरदार ठोकर मार दी। ये हादसा बहुत भयानक था।इनमें से एक महिला डंपर के नीचे आ गिरी,जबकि दूसरी छिटककर पास से गुजर रही बस के नीचे गिर गई।दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में मरने वाली महिलाओं की पहचान रंजीता सरोज (33) और बिंदादेवी सिंह (50) के रूप में हुई है।इसके बाद डंपर एक ट्रक से टकराया और रुक गया।पुलिस ने कहा कि अगर ट्रक न होता तो डंपर और भी महिलाओं को कुचल देता।वालीव पुलिस ने डंपर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।एक अन्य घटना में, सोमवार सुबह मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर रॉयल गार्डन (मालजी पाड़ा) में एक डंपर ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी।टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। इस संबंध में नायगांव पुलिस में मामला दर्ज कर लिया है।

हिंदुस्थान समाचार/

   

सम्बंधित खबर