महुआ-सायोनी के साथ कोलकाता में ममता ने की 12 किमी पदयात्रा

कोलकाता, 30 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को अंतिम चरण के लिए प्रचार के आखिरी दिन जादवपुर लोकसभा क्षेत्र के सुकांत सेतु से पदयात्रा की शुरुआत की। उनके साथ कृष्णानगर से तृणमूल की उम्मीदवार महुआ मोइत्रा, जादवपुर से उम्मीदवार सायोनी घोष, राज्य मंत्री अरूप विश्वास, रासबिहारी से विधायक और दक्षिण कलकत्ता तृणमूल जिलाध्यक्ष देबाशीष कुमार थे। रास्ते में पार्टी के अन्य नेता जुलूस में शामिल हुए। करीब तीन घंटे तक 12 किलोमीटर चलने के बाद ममता गोपालनगर में जुलूस को समाप्त किया।

देशभर में सातवें और आखिरी दौर का मतदान शनिवार को होगा। नियमानुसार इस बार के लोकसभा चुनाव का प्रचार गुरुवार शाम छह बजे समाप्त हो गया। दक्षिण बंगाल की नौ लोकसभा सीटों पर शनिवार को मतदान है। इसमें जादवपुर और कोलकाता साउथ भी शामिल हैं।

सुकांत सेतु पर ममता ने कहा कि मैं जादवपुर को नहीं भूल सकती। आप हर बार की तरह इस बार भी तृणमूल कांग्रेस को वोट दीजिए। इस बार भाजपा सत्ता में नहीं आ रही है। भाजपा ने राशन देने का वादा नहीं किया है। 100 दिन के काम का भुगतान नहीं मिला।

ममता ने कहा कि भाजपा को वोट मत दीजिए। प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार शाम को कन्याकुमारी में ध्यान करने वाले हैं। उस पर भी ममता ने व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि आप ध्यान करते हैं, अपने साथ कैमरा क्यों ले जाते हैं?

जादवपुर में कई कॉलोनियां हैं जहां बांग्लादेश से आए शरणार्थी रह रहे हैं। ममता ने उन्हें संदेश भी दिया। ममता ने कहा कि उनकी सरकार ने जमीन के पट्टे की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि मैं कॉलोनी नहीं कहूंगी। मैं स्थाई पता बताऊंगी।

इसके बाद ममता ने पदयात्रा शुरू की। जुलूस पद्मपुकुर, यदु बाबू बाजार, हरीश मुखर्जी रोड से होते हुए गोपालनगर में समाप्त हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर