देश में हुए विकास तथा सकारात्मक सोच की हुई जीत : अभाविप

- जनादेश से देश का लोकतंत्र हुआ अधिक स्वस्थ तथा समृद्ध

कानपुर, 05 जून (हि.स.)। लोकसभा चुनाव परिणाम में एनडीए की एक बार फिर सरकार बनने जा रही है। यह जीत देश में हुए विकास तथा सकारात्मक सोच की है और जनादेश से देश का लोकतंत्र अधिक स्वस्थ तथा समृद्ध हुआ। यह बातें बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कानपुर प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी ने कही।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, लोकसभा चुनाव 2024 के परिणामों पर देश की समृद्ध लोकतांत्रिक विरासत युक्त भारतीय जनमानस को शुभकामनाएं प्रेषित करती है। देश का यह लोकसभा चुनाव विकास, समृद्धि, आत्मविश्वास से आगे बढ़ रही सोच के पक्ष में रहा तथा जाति, क्षेत्र, पंथ के आधार पर देश की जनता को बरगलाने की कोशिश करने वालों को जवाब मिला है। इस आम चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की पूर्ण बहुमत से चुनी केन्द्र सरकार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शुभकामनाएं प्रेषित करती है।

उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव भारतीय नागरिकों के लोकतांत्रिक स्वभाव तथा समझदारी को पूरे विश्व के समक्ष प्रस्तुत करने वाला है। भारतीयता केन्द्रित विचारों के लिए समर्पित नेतृत्व की पुनः जीत से देश को सकारात्मक दिशा मिलेगी। 18वीं लोकसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को पूर्ण बहुमत प्राप्त होने से देश के स्थायी विकास को गति मिलेगी। नई केन्द्र सरकार से देश की बेहतरी, समृद्धि तथा सशक्तिकरण की दिशा में शीघ्रता से प्रयास करने की आशा है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर