नलबाड़ी में बाढ़ की स्थिति बिगड़ी, जिला प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

नलबाड़ी (असम), 20 जून (हि.स.)। नलबाड़ी जिला में बाढ़ ने भीषण रूप ले लिया है। पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से स्थानीय नदियां उफान पर हैं। कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ की मौजूदा स्थिति को देखते हुए नलबाड़ी जिला प्रशासन ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे तत्काल सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सहायता के लिए सभी संभव उपाय जारी रखे हुए है। नलबाड़ी जिला शहर में भी जलभराव हुआ है, जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

इसके अनुरूप, नलबाड़ी जिला प्रशासन ने जिले में दो आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर शुरू कर दिए हैं। हेल्पलाइन नंबर: 1077 (टोल फ्री) के साथ-साथ लैंडलाइन 03624-220219 पर संपर्क किया जा सकता है।

वर्तमान में नलबाड़ी जिले के छह राजस्व सर्किलों के 109 गांव अब बाढ़ की चपेट में हैं। बरभाग में 18, घोगरापार में 29, बानेकुची में 5, पश्चिम नलबाड़ी में आठ, टिहू में 15 और नलबाड़ी राजस्व सर्कल में 34 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

जिले में छह आश्रय शिविरों में 223 लोगों ने शरण ली है। जबकि, 38,782 पालतू जानवर बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। नलबाड़ी जिले में बुढ़ादिया, पगलादिया, टिहुनै, मरापगलादिया नदियों में हर साल बाढ़ आती रही है। इस बार भी मानसून की पहली बाढ़ से विभिन्न इलाके प्रभावित हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर