रेड अलर्ट के बाद एसडीएम ने काठगोदाम के कलसिया नाले का किया निरीक्षण, लोगों से सुरक्षित जगह पर जाने की अपील

हल्द्वानी, 2 जुलाई (हि.स.)। मौसम विभाग ने नैनीताल जनपद में तीन दिन का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद प्रशासन पूरी तरीके से अलर्ट मोड पर आ गया है। एसडीएम परितोष वर्मा ने आज काठगोदाम क्षेत्र के कालसिया नाले के पास वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया।

इस दौरान एसडीएम ने बताया कि यहां पर 66 परिवार हैं, जो खतरे में रह रहे हैं। पिछले वर्ष कलसिया नाले में भारी बारिश के चलते रहने वाले 66 मकानों को काफी नुकसान हुआ था। इसके बाद से लगातार खतरा बना हुआ है। एसडीएम ने बताया कि पूर्व में सिंचाई विभाग द्वारा नाले के दोनों साइड चैनेलाइज का काम किया गया था। एहतियात के तौर पर सभी 66 परिवारों को नोटिस दिया गया है और उनसे कहा गया है कि वह मकान खाली कर दें। क्योंकि, कभी भी बरसात हो सकती है, जिससे नुकसान होने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि पास में ही नगर पालिका इंटर कॉलेज है, जहां पर आपदा प्रभावित लोगों को रहने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है। पुलिस द्वारा लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वह बरसात तेज होने पर अपने घरों को छोड़कर नगर पालिका इंटर कॉलेज में जा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर