भाजपा सरकार ने बंद की चिरंजीवी समेत 800 योजनाएं और काम: डोटासरा

श्रीगंगानगर, 2 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने कहा है कि प्रदेश में भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने एक महीना बीतने पर भी कुछ नहीं किया, सिवाए कांग्रेस सरकार की मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना समेत 800 योजनाओं तथा कामों को बंद करने के। भाजपा ने पहले राजस्थान की जनता को भ्रमित किया, अब लोकसभा चुनाव के लिए पूरे देश की जनता को मोदी-मोदी और श्रीराम मंदिर के नाम पर गुमराह कर रही है। डोटासरा मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की सरकार बने लगभग एक महीना हो गया। इस एक महीने में भाजपा ने कुछ नहीं किया। पहले तो मुख्यमंत्री तय करने में कई दिन लगा दिए। फिर मंत्रिमंडल गठित करने में भी कई दिन लगाए। अभी तक पता नहीं कि कौन से मंत्री को कौन सा मंत्रालय मिलेगा। बिना मंत्रालय मिले ही मंत्रियों ने कार्यभार संभालने भी शुरू कर दिए। इससे ज्यादा हास्यास्पद बात कुछ नहीं हो सकती। प्रदेश में किसी को नहीं पता कि भजनलाल सरकार क्या करेगी। भाजपा को प्रदेश की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का सम्मान करना चाहिए लेकिन वह जनता को कुछ नहीं समझती।

डोटासरा ने कहा कि भाजपा विकसित भारत संकल्प अभियान चला रही है लेकिन इसकी आड़ में मोदी- मोदी और श्रीराम मंदिर का ही जिक्र कर रही है। अभियान के तहत भाजपा का देश को विकसित करने का विजन क्या है, किसी को कुछ पता नहीं। बस लोगों को धर्म के नाम पर गुमराह किया जा रहा है ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में फिर से सत्ता पर काबिज हुआ जा सके।श्रीकरनपुर सीट के लिए हो रहे चुनाव बाबत प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि बुधवार शाम को चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। इसके बाद 5 जनवरी को मतदान होना है। अभी 3 दिन का समय है। भाजपा के पास बताने को कुछ नहीं है और कांग्रेस के पास बताने को बहुत कुछ है। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं ज़िला प्रभारी जिया उर रहमान, जिलाध्यक्ष अंकुर मगलानी, राष्ट्रीय सचिव एवं जिला प्रमुख कुलदीप इंदौरा, हनुमानगढ़ जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, विधायक डूंगरराम गैदर,शिमला देवी नायक,अमित चाचाण, विनोद गोठवाल, केश कला बोर्ड के अध्यक्ष महेंद्र गहलोत सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर