स्वस्थ भारत की रचना करें : राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी

जयपुर, 7 जनवरी (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि सभी मिलजुल कर स्वस्थ भारत की रचना करें। उन्होंने कहा कि शरीर, मन, मस्तिष्क स्वस्थ रहेंगे तब ही राष्ट्र की उन्नति होगी। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह राष्ट्र को स्वस्थ बनाने के लिए आवश्यक योग, यज्ञ और संतुलित आहार को आचरण में लाएं।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी रविवार को यहां राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में आयोजित यज्ञ, योग एवं युक्ताहार नव वर्ष सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। समारोह राजस्थान स्वास्थ्य योग परिषद् द्वारा आयोजित किया गया। उन्होंने योग कार्यों में जागरूकता लाने वाले लोगों को सम्मानित भी किया।

देवनानी ने कहा कि भारत विश्व गुरु है। भारत की परंपराएं समृद्ध हैं। वैज्ञानिक दृष्टि से सही है। उन्होंने कहा की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक दृष्टि से राष्ट्र समृद्ध है। हम सभी लोगों को निरोगी राष्ट्र बनाने के लिए योग, यज्ञ और संतुलित आहार को अपनाना होगा। योग स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने योग को जीवन का अंग बनाने कि आवश्यकता प्रतिपादित की। भारत का जीवन आदर्श है। इस मशीनी युग में बदलती जीवन शैली के लिए योग की आवश्यकता बढ़ गई है। कार्यक्रम में परिषद के कार्यकर्ताओं ने योग प्रदर्शन किया। इस अवसर पर राम रतन देवाचार्य और राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति संजीव शर्मा भी मौजूद थे। योग परिषद् के अध्यक्ष दिनेश खंडेलवाल और सचिव राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर